खरना की खरीदारी को उमड़ी भीड़, बाघोपुर बाजार में घंटों लगा भीषण जाम, एंबुलेंस भी फंसी

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को खरना के अवसर पर शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत बाघोपुर बाजार में खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बाजार में खरीदारों की आवाजाही बढ़ने लगी, जो दोपहर होते-होते काफी अधिक हो गई। छठ पर्व की तैयारियों को लेकर पूजन सामग्री, फल, सब्जी, कपड़े और अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए बाजार में लोगों का तांता लगा रहा।

इस दौरान रोसड़ा हथौड़ी मुख्य सड़क पर बाघोपुर बाजार में घंटों भीषण जाम की स्थिति बनी रही। जाम के कारण आम राहगीरों से लेकर छठ व्रतियों तक को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खरना को लेकर श्रद्धालु छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्रियों की खरीदारी में जुटे रहे। बाजार में सेब, केला, अनार, संतरा, अनानास, दाभ नींबू, मूली, हल्दी, सुथनी, सिंघाड़ा सहित अन्य मौसमी फलों एवं सब्जियों की दुकानों पर ग्राहकों की काफी भीड़ देखी गई।

वहीं, छठ पर्व को लेकर नए कपड़े और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी के लिए भी बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंचे। सुबह से शाम तक बाजार में चहल-पहल बनी रही। खरीदारों की बढ़ती भीड़ के बीच वाहनों की आवाजाही ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। बाजार की संकरी सड़कें और सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से लगी दुकानों के कारण जाम की समस्या और गंभीर हो गई।

देखते ही देखते रोसड़ा और हथौड़ी की ओर जाने वाली सड़क पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति ऐसी हो गई कि लोगों को पैदल चलने तक में कठिनाई होने लगी। वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

सबसे चिंताजनक स्थिति उस समय उत्पन्न हो गई, जब हथौड़ी की ओर से रोसड़ा होते हुए बेगूसराय जा रही एक एंबुलेंस भी भीषण जाम में फंस गई। बताया गया कि एंबुलेंस में एक गंभीर मरीज सवार था, जिसे इलाज के लिए बेगूसराय ले जाया जा रहा था। एंबुलेंस चालक से पूछने पर उसने बताया कि मरीज की हालत गंभीर है और उसे जल्द अस्पताल पहुंचाना जरूरी है। इसके बावजूद जाम के कारण एंबुलेंस करीब एक घंटे तक सड़क पर फंसी रही।

इससे मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में देरी होने की आशंका बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व के अवसर पर बाजार में भारी भीड़ जुटने की संभावना पहले से रहती है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए प्रशासन की ओर से पुलिस बल की तैनाती नहीं की गई थी।

यदि बाजार के प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती होती और वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित किया जाता तो इस तरह की परेशानी से बचा जा सकता था। बाद में स्थानीय युवाओं और दुकानदारों ने मानवीय पहल करते हुए जाम हटाने का प्रयास शुरू किया। उन्होंने आपसी सहयोग से सड़क पर फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकलवाया और एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों को रास्ता दिलाने में मदद की।

काफी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका। पर्व के दौरान बाजार में उमड़ी भीड़ और घंटों लगे जाम ने एक बार फिर यातायात प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। स्थानीय लोगों ने छठ के शेष दिनों में भीड़ को देखते हुए बाजार में पुलिस बल की तैनाती, सड़क किनारे अतिक्रमण पर नियंत्रण और वाहनों के व्यवस्थित परिचालन की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम लोगों को परेशानी नहीं हो और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निर्बाध रास्ता मिल सके।

*समस्तीपुर में जमीन विवाद में 32 वर्षीय सोनू सिंह की सुपारी देकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार – Doorbeen News*

समस्तीपुर में जमीन विवाद में 32 वर्षीय सोनू सिंह की सुपारी देकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *