व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत दसौत पंचायत के दसौत गांव में गोवर्धन पूजा की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब गांव के एक 21 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान दसौत गांव के वार्ड आठ निवासी रामशंकर राय के पुत्र अमरनाथ कुमार के रूप में की गई है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार गोवर्धन पूजा को लेकर अमरनाथ कुमार के लिए रस्सी लाने दरभंगा जिले के बिरौल थाना अंतर्गत बन्दा चौक गया हुआ था।


रस्सी लेकर बाइक से घर लौटने के दौरान बिरौल थाना अतर्गत के कमलपुर ईदगाह के समीप सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अमरनाथ कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
युवक की असामयिक मौत से आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने सिंघिया दरभंगा मुख्य मार्ग को करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण मार्ग पर आवागमन बाधित रहा और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घटना की जानकारी मिलने पर शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार पुलिस बल के साथ जाम स्थल पर पहुंचे।


उन्होंने आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद जाम समाप्त कराया गया। इस दौरान पंचायत के मुखिया नटवर कुमार राय एवं सरपंच विश्वनाथ राय भी मौजूद रहे। बताया जाता है कि अमरनाथ अपने परिवार में एक भाई और तीन बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां मीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुत्र का नाम लेकर बार-बार विलाप करते हुए वह बेहोश हो जा रही थीं।
परिजनों और सगे-संबंधियों की आंखें भी नम थीं। गांव के लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे। इधर बिरौल थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा भेज दिया। मौके पर पुलिस पदाधिकारी अंबिका सिंह, सुलेखा कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। इस हृदयविदारक घटना से पूरे दसौत गांव में शोक की लहर है।



*आगामी छठ पर्व की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश – Doorbeen News*






One Comment