व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर। आगामी छठ महापर्व को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा द्वारा आज नगर निगम समस्तीपुर अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छठ घाटों पर पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ एवं उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने छठ घाटों की साफ-सफाई, घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति, जल की उपलब्धता एवं स्वच्छता, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, श्रद्धालुओं के आवागमन तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जाए।


श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए पहुंच पथों को दुरुस्त करने तथा घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के मद्देनजर सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूर्ण कर लिए जाएं।
घाटों पर खतरनाक एवं अधिक गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक बैरिकेडिंग की जाए तथा पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों एवं आपदा मित्रों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही, घाटों पर आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी आवश्यक तैयारी एवं सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया गया।


उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम, प्राथमिक चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त घाटों पर नियंत्रण कक्ष, आवश्यक सूचना एवं चेतावनी संकेतक लगाने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व लोक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं तथा वरीय पदाधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें, ताकि छठ पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।


निरीक्षण के अवसर पर मेयर, नगर निगम समस्तीपुर श्रीमती अनीता राम, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, नगर आयुक्त गौतम कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारीगण तथा एसडीआरएफ के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

*राकेश कुमार के नेतृत्व में छठ घाटों का व्यापक निरीक्षण, सुरक्षा और स्वच्छता के दिए विशेष निर्देश – Doorbeen News*
राकेश कुमार के नेतृत्व में छठ घाटों का व्यापक निरीक्षण, सुरक्षा और स्वच्छता के दिए विशेष निर्देश






One Comment