दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान यात्री भीड़ के सुचारू प्रबंधन को लेकर समस्तीपुर मंडल में व्यापक तैयारियां, 13 प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News  Desk: समस्तीपुर: दीपावली एवं छठ महापर्व के अवसर पर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए समस्तीपुर मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन, संरक्षा एवं सुचारू रेल परिचालन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक श्री ज्योति प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए । तैयारियों का उद्देश्य प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित रखना, यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा ट्रेनों का सुरक्षित एवं निर्बाध परिचालन सुनिश्चित करना है।

इस क्रम में निम्नलिखित प्रमुख व्यवस्थाएं की जा रही है:-
1. यात्री भीड़ प्रबंधन एवं होल्डिंग एरिया की व्यवस्था
– मंडल के 13 प्रमुख स्टेशनों (मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर , दरभंगा, मधुबनी, रक्सौल, सहरसा, लालितग्राम, सकरी, जयनगर, सीतामढ़ी, पूर्णिया कोर्ट, बापूधाम मोतिहारी तथा बेतिया)* पर होल्डिंग एरिया विकसित किए जा रहे हैं, जहां यात्रियों को ट्रेन के आगमन एवं प्लेटफॉर्म पर प्रवेश से पूर्व व्यवस्थित रूप से ठहराया जा सकेगा।

– होल्डिंग एरिया में उच्च गुणवत्ता वाले एवं वाटरप्रूफ टेंट लगाए जाएंगे।
– होल्डिंग एरिया से स्टेशन भवन एवं प्लेटफॉर्म तक यात्रियों की आवाजाही के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग की जाएगी।
– प्रत्येक स्टेशन के लिए अलग-अलग क्राउड मूवमेंट प्लान तैयार किया गया है। होल्डिंग एरिया से प्लेटफॉर्म तक यात्रियों की आवाजाही को फुट ओवरब्रिज (FOB) के माध्यम से नियंत्रित किया जाएगा।
– रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारियों एवं जवानों को प्रत्येक स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
– फुट ओवरब्रिज पर यात्रियों की आवाजाही के पैटर्न पर विशेष ध्यान दिया जाएगा तथा आवश्यकता के अनुसार कतार प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
– प्रत्येक स्टेशन पर पीक आवर में संभावित भीड़ का आकलन ट्रेन शेड्यूल एवं स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर किया जाएगा।
– 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भी संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष सतर्कता एवं आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे।

*2. यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं एवं स्वास्थ्य सेवाएं*
– सभी 13 प्रमुख स्टेशनों पर प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त स्थान एवं मेडिकल टीम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
– आवश्यकता के अनुसार स्थानीय एवं जिला अस्पतालों के साथ समन्वय कर एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
– यात्रियों की सहायता के लिए पर्याप्त स्ट्रेचर एवं व्हीलचेयर उपलब्ध कराए जाएंगे। यह व्यवस्था केवल होल्डिंग एरिया वाले 13 स्टेशनों तक सीमित न रहकर अन्य भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर भी सुनिश्चित की जाएगी।
– होल्डिंग एरिया में पर्याप्त पेयजल, अस्थायी शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं इलेक्ट्रिक स्टैंडिंग फैन उपलब्ध कराए जाएंगे।
– सभी स्टेशनों पर शौचालयों की उपलब्धता, पेयजल आपूर्ति एवं स्वच्छता की विशेष जांच की जाएगी।
– यात्रियों की सुविधा के लिए पूछताछ काउंटरों पर पर्याप्त स्थान एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
– मेडिकल टीम की उपलब्धता तथा प्राथमिक उपचार संबंधी जानकारी यात्रियों तक पहुंचाने के लिए उचित व्यवस्था की जाएगी।

*3. ट्रेन परिचालन एवं अतिरिक्त संसाधनों की उपलब्धता*
– यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए सहरसा, पूर्णिया कोर्ट, रक्सौल, जयनगर, मुजफ्फरपुर एवं दरभंगा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त रेक तैयार अवस्था में रखे जाएंगे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अल्प सूचना पर उनका उपयोग किया जा सके।
– सहरसा, जयनगर, रक्सौल, मुजफ्फरपुर, दरभंगा एवं समस्तीपुर में अतिरिक्त कोच, विशेषकर द्वितीय श्रेणी एवं स्लीपर कोच की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
– यात्रियों की भीड़ एवं वेटिंग लिस्ट की स्थिति के आधार पर अतिरिक्त ट्रेनों की आवश्यकता का आकलन कर समय रहते प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
– ट्रेनों के पुनर्निर्धारण (Rescheduling) की लगातार निगरानी की जाएगी तथा विलंब से आने वाली ट्रेनों एवं अन्य परिचालन संबंधी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
– विशेष परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी स्टेशन पर प्लेटफॉर्म परिवर्तन नहीं किया जाएगा। अपरिहार्य स्थिति में सक्षम अधिकारी की अनुमति आवश्यक होगी।
– एक ही आइलैंड प्लेटफॉर्म पर दो ट्रेनों को एक साथ खड़ा करने से यथासंभव बचा जाएगा।
– अतिरिक्त ठहराव की आवश्यकता होने पर यात्रियों की भीड़ एवं संबंधित ट्रेन के कोचों में ओवरक्राउडिंग की स्थिति को ध्यान में रखकर सक्षम स्तर से अनुमति ली जाएगी।
– वेटिंग लिस्ट की स्थिति एवं अतिरिक्त ट्रेनों की आवश्यकता के संबंध में वाणिज्य विभाग द्वारा परिचालन विभाग को अग्रिम जानकारी दी जाएगी।

*4. सुरक्षा, निगरानी एवं आपातकालीन प्रबंधन*
– भीड़भाड़ वाले सभी प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों एवं रिकॉर्डिंग सिस्टम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। तकनीकी खराबियों को दूर कर आवश्यक डेटा बैकअप भी रखा जाएगा।
– मंडल एवं स्टेशनों पर *वार रूम/कंट्रोल रूम* के माध्यम से परिचालन, वाणिज्य एवं सुरक्षा संबंधी गतिविधियों की निगरानी की जाएगी।
– कंट्रोल रूम में संबंधित विभागों के नामित अधिकारी एवं राजपत्रित अधिकारी निर्धारित अवधि के दौरान ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
– प्रत्येक प्रमुख स्टेशन पर नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे, जो संबंधित स्टेशन पर सभी व्यवस्थाओं की निगरानी एवं समन्वय करेंगे।
– महत्वपूर्ण स्टेशनों पर विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए डीजी सेट का बैकअप सुनिश्चित किया जाएगा। फुट ओवरब्रिज, पूछताछ काउंटर, होल्डिंग एरिया, प्रतीक्षालय एवं प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रहेगी।
– आवश्यकता के अनुसार आरपीएफ को वॉकी-टॉकी उपलब्ध कराए जाएंगे।
– आरपीएफ एवं वाणिज्य विभाग द्वारा ट्रेनों में ज्वलनशील एवं पटाखे जैसी प्रतिबंधित वस्तुओं के परिवहन की रोकथाम के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान छठ पूजा के कम से कम दो दिन बाद तक जारी रहेगा।

5. *स्वच्छता, खानपान एवं स्टेशन परिसरों का रखरखाव*
– रक्सौल, दरभंगा, जयनगर, सहरसा एवं मुजफ्फरपुर के वाशिंग पिट से निकलने वाले रेक की साफ-सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
– निर्धारित एवं विशेष ट्रेनों के मूल स्टेशन से ही स्वच्छता की विशेष निगरानी की जाएगी।
– सभी विभागों द्वारा यात्री सुविधाओं की जांच की जाएगी। इसमें पेयजल नल, डीजी सेट, शौचालय, प्रतीक्षालय, लाइट, पंखे एवं एसी की कार्यशीलता शामिल है।
– टूटे हुए टाइल्स, फिसलन वाले स्थान, खुले विद्युत तार, खराब स्विच एवं प्लेटफॉर्म पर खोदे गए गड्ढों जैसी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।
– सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा भोजन वितरण की अनुमति निर्धारित नियमों के अनुरूप दी जाएगी। *प्लेटफॉर्म पर भोजन वितरण की अनुमति नहीं होगी*। आवश्यकता पड़ने पर होल्डिंग एरिया में प्री-पैक्ड भोजन अथवा साबुत फलों के वितरण को प्राथमिकता दी जाएगी।

6.*अतिरिक्त मानव संसाधन एवं विभागीय समन्वय*
– भीड़ प्रबंधन के लिए विभिन्न स्टेशनों पर अतिरिक्त रेलकर्मियों की तैनाती की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी मानव संसाधन की व्यवस्था भी की जाएगी।
– स्काउट एवं गाइड तथा अन्य स्वयंसेवकों की सहायता ली जाएगी।
– परिचालन, वाणिज्य एवं आरपीएफ के कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए शाखा अधिकारियों के स्तर पर संयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी।
– सभी विभागीय अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को समय रहते हिंदी एवं अंग्रेजी में लिखित निर्देश देने तथा उन्हें उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराने को कहा गया है।
– फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों से नियमित फीडबैक लेकर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
– सभी विभागों को नियमित समन्वय बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा करने एवं किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अतिरिक्त, दिनांक 14 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक पार्सल की आवक एवं जावक बुकिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। विशेष परिस्थितियों में सक्षम अधिकारी की अनुमति से ही अपवादस्वरूप बुकिंग की जा सकेगी।

समस्तीपुर मंडल द्वारा दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारू रेल परिचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय, सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है, ताकि पर्व के दौरान रेल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।

 

*स्वच्छता कर्मी की मौत के बाद जिला कोर कमेटी ने परिजनों से की मुलाकात, आर्थिक सहायता देकर बढ़ाया हौसला – Doorbeen News*

स्वच्छता कर्मी की मौत के बाद जिला कोर कमेटी ने परिजनों से की मुलाकात, आर्थिक सहायता देकर बढ़ाया हौसला

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *