आधुनिक तकनीक और प्राकृतिक खेती अपनाने पर दिया गया जोर, जीरो टिलेज से गेहूं की बुवाई करने के लिए किसानों को किया गया प्रेरित

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk : शिवाजीनगर प्रखंड अतर्गत घिवाही पंचायत में किसानों को आधुनिक, वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों से जोड़ने तथा कृषि विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को घिवाही पंचायत सरकार भवन में खेत बचाओ अभियान सह कृषि जन कल्याण चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों ने किसानों को खेती की लागत कम करने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और उत्पादन बढ़ाने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। साथ ही किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए जागरूक किया गया।

चौपाल में सहायक तकनीकी प्रबंधक अमरदीप शर्मा ने किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बिहार कृषि ऐप, किसान निबंधन, मिट्टी जांच, वर्मी कम्पोस्ट योजना, बीज वितरण योजना सहित अन्य कृषि कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक निबंधन एवं प्रक्रियाओं की जानकारी रखना जरूरी है। कृषि विभाग की योजनाओं के माध्यम से किसान उन्नत बीज, तकनीकी मार्गदर्शन और खेती से जुड़ी सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने किसानों को रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से बचने तथा मिट्टी की जरूरत के अनुसार संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करने की सलाह दी। कहा कि मिट्टी की नियमित जांच कराने से उसमें मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी मिलती है। इसके आधार पर उर्वरकों का सही प्रयोग कर खेती की लागत कम करने के साथ मिट्टी की उर्वरता को लंबे समय तक बनाए रखा जा सकता है। उन्होंने किसानों से रसायन मुक्त एवं प्राकृतिक खेती की दिशा में भी कदम बढ़ाने का आग्रह किया।

सहायक तकनीकी प्रबंधक इंद्रजीत गौरव ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराते हुए गेहूं की बुवाई जीरो टिलेज मशीन से करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि जीरो टिलेज तकनीक से खेत की पारंपरिक जुताई किए बिना गेहूं की बुवाई की जा सकती है। इससे समय और श्रम की बचत होती है तथा खेती की लागत कम करने में मदद मिलती है। उन्होंने किसानों को रबी मौसम में वैज्ञानिक तरीके से खेती करने, समय पर बुवाई करने और कृषि यंत्रों का उपयोग बढ़ाने की सलाह दी।

इस अवसर पर कृषि समन्वयक वीरेंद्र प्रसाद ने भी कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं उनके लाभों की जानकारी देते हुए किसानों से विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप खेती करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज और संतुलित उर्वरक प्रबंधन को अपनाकर किसान बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में किसान सलाहकार सुनील ठाकुर सहित सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। चौपाल के दौरान किसानों को खेती से संबंधित समस्याओं के समाधान, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने, मिट्टी एवं पर्यावरण का संरक्षण करने और कृषि को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।

*आइसा बी.आर.बी. कॉलेज इकाई का सम्मेलन संपन्न, 29 सदस्यीय कमेटी के अध्यक्ष अनमोल व सचिव मो. मैहफूज़ चुने गए – Doorbeen News*

आइसा बी.आर.बी. कॉलेज इकाई का सम्मेलन संपन्न, 29 सदस्यीय कमेटी के अध्यक्ष अनमोल व सचिव मो. मैहफूज़ चुने गए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *