समस्तीपुर में 1 नवंबर से राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता, बिहार की 10 टीमें दिखाएंगी दमखम; तीन आयु वर्गों में होंगे मुकाबले

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। जिले में एक से छह नवंबर तक राज्यस्तरीय अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें बिहार के सभी नौ प्रमंडलों की टीमों के अलावा एकलव्य टीम सहित कुल 10 टीमों के भाग लेने की संभावना है। प्रतियोगिता को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

सोमवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रतियोगिता के सफल संचालन, खिलाड़ियों की सुविधाओं, सुरक्षा, चिकित्सा और खेल मैदान की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मैदान से लेकर खिलाड़ियों के ठहरने तक की व्यवस्था होगी दुरुस्त

डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतियोगिता शुरू होने से पहले खेल मैदान को पूरी तरह तैयार कर लिया जाए। मैदान की सतह, साफ-सफाई, खिलाड़ियों के आवागमन और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

विभिन्न प्रमंडलों से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रभारियों के लिए आवासन, पेयजल तथा स्वच्छता की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया।

मैदान पर उपलब्ध रहेगी चिकित्सा सहायता

खेल के दौरान किसी खिलाड़ी के चोटिल होने या आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक तैयारी करने का निर्देश दिया गया। आयोजन स्थल पर प्राथमिक उपचार और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने तथा आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां पूरी करने को कहा गया।

सभी विभागों को समय पर तैयारी पूरी करने का निर्देश

डीएम ने नगर निकाय को आयोजन स्थल और आसपास नियमित सफाई, कचरा निष्पादन एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, जिला जनसंपर्क कार्यालय को प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की जिम्मेदारी दी गई।

उन्होंने कहा कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिता जिले के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में सिविल सर्जन, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, जिला खेल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी और उपनगर आयुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

*डॉ. कलाम फाउंडेशन की बैठक में संस्था के विकास पर चर्चा, राजकुमार मंडल सम्मानित – Doorbeen News*

डॉ. कलाम फाउंडेशन की बैठक में संस्था के विकास पर चर्चा, राजकुमार मंडल सम्मानित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *