व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk : समस्तीपुर जंक्शन से लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन शुरू करने की दिशा में वाशिंग पिट का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। शनिवार को रेल विस्तार एवं विकास मंच के प्रतिनिधिमंडल ने निर्माणाधीन वाशिंग पिट का निरीक्षण किया। मंच के अनुसार, करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से 10 बोगियों की क्षमता वाले वाशिंग पिट का निर्माण दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है।
मंच ने बताया कि पहले से निर्मित 12 बोगियों की क्षमता वाले वाशिंग पिट और नवनिर्मित 10 बोगियों की क्षमता वाले वाशिंग पिट को मिलाकर कुल 22 से अधिक बोगियों की क्षमता उपलब्ध होगी। वाशिंग पिट की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्तीपुर जंक्शन से लंबी दूरी की ट्रेनों को खोलने में कठिनाई हो रही थी। निर्माण पूरा होने से इस दिशा में सुविधा बढ़ने की उम्मीद है।


रेल विस्तार एवं विकास मंच ने वाशिंग पिट की स्वीकृति और निर्माण को अपने निरंतर संघर्ष का परिणाम बताया। मंच ने इस मांग को लेकर रविवार को प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित करने की घोषणा की। साथ ही, लंबे समय से बंद पड़े भोला टॉकीज रेल ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को पुनः शुरू कराने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने की मांग को लेकर 1 नवंबर को निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास पदयात्रा आंदोलन करने का निर्णय लिया।
निरीक्षण के दौरान रेल विस्तार एवं विकास मंच के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी, भाकपा माले के सुरेंद्र प्रसाद सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता शाहीद हुसैन एवं अशोक राय, राजद के राकेश कुमार ठाकुर, राम विनोद पासवान एवं मनोज कुमार राय, कांग्रेस के विश्वनाथ सिंह हजारी तथा सुशील कुमार राय सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


*पूर्व मध्य रेल के जीएम ने दीघा ब्रिज हॉल्ट से झाझा तक किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण, संरक्षा और यात्री सुविधाओं का लिया जायजा – Doorbeen News*








