दुर्गा पूजा में सुरक्षा का चक्रव्यूह तैयार करेगा प्रशासन, पंडालों से विसर्जन घाट तक रहेगी कड़ी निगरानी

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। सप्तमी, अष्टमी, नवमी और विजयादशमी के साथ मूर्ति विसर्जन एवं रावण दहन कार्यक्रमों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी।  समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। पूजा पंडालों से लेकर विसर्जन घाटों तक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पूजा पंडालों का स्थलीय निरीक्षण कर लाइसेंस और सुरक्षा व्यवस्था की जांच करें। पंडालों में श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। अस्थायी विद्युत कनेक्शन, तार, जनरेटर और प्रकाश व्यवस्था की सुरक्षा जांच के साथ अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। आपात स्थिति में दमकल और एम्बुलेंस के पहुंचने के लिए रास्ता खुला रखने पर भी जोर दिया गया।

निर्धारित मार्ग और समय पर ही निकलेंगे विसर्जन जुलूस

मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन ने विशेष तैयारी करने का निर्देश दिया है। पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर विसर्जन जुलूस का मार्ग और समय निर्धारित किया जाएगा। संकरी सड़कों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। जुलूस के दौरान यातायात बाधित नहीं हो, इसके लिए आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था पर भी विचार किया जाएगा। एम्बुलेंस और अग्निशमन जैसे आपातकालीन वाहनों की आवाजाही हर हाल में सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

विसर्जन घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोर और बचाव दल की व्यवस्था पर जोर

डीएम-एसपी ने विसर्जन स्थलों पर संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। घाटों पर पर्याप्त रोशनी, आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, पुलिस बल और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की जाएगी। जरूरत के अनुसार गोताखोर, नाव और बचाव दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। खतरनाक स्थानों पर भीड़ एकत्रित नहीं होने देने तथा श्रद्धालुओं को निर्धारित सुरक्षित स्थलों पर ही विसर्जन के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया गया।

रावण दहन स्थल पर दर्शकों के लिए बनेगा सुरक्षित क्षेत्र

विजयादशमी पर आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रमों को लेकर भी प्रशासन सतर्क रहेगा। कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर दर्शकों के लिए सुरक्षित स्थान, प्रवेश-निकास मार्ग, बैरिकेडिंग और सुरक्षा दूरी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन कराने के साथ अग्निशमन एवं आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध रखने को कहा गया।

अफवाहों पर रहेगी नजर, संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी

एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों, बाजारों, पूजा स्थलों और जुलूस मार्गों पर सतत निगरानी रखने पर जोर दिया। अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की सत्यता जांचने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

इसके अलावा पूजा स्थलों पर पेयजल, साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, प्रकाश और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अनुमंडल, प्रखंड और थाना स्तर के अधिकारी आपसी समन्वय से तैयारियों की निगरानी करेंगे।

बैठक में डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, नगर आयुक्त गौतम कुमार, सदर एसडीओ राकेश कुमार सहित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। क्षेत्रीय पदाधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों से बैठक में जुड़े रहे।

*दुर्गा पूजा पर गांवों को चकाचक बनाने की तैयारी, पंडालों से लेकर मुख्य सड़कों तक चलेगा विशेष सफाई अभियान – Doorbeen News*

दुर्गा पूजा पर गांवों को चकाचक बनाने की तैयारी, पंडालों से लेकर मुख्य सड़कों तक चलेगा विशेष सफाई अभियान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *