दुर्गा पूजा पर गांवों को चकाचक बनाने की तैयारी, पंडालों से लेकर मुख्य सड़कों तक चलेगा विशेष सफाई अभियान

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: दुर्गा पूजा के दौरान जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया है। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत जिले की सभी पंचायतों में पूजा पंडालों, देवी मंदिरों, मेला स्थलों और प्रमुख सड़कों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत सभी स्वच्छता कर्मियों को सक्रिय कर दिया गया है। उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सूर्य प्रताप सिंह ने संबंधित कर्मियों को पर्व के दौरान सफाई व्यवस्था नियमित बनाए रखने और पूजा स्थलों के आसपास कचरे का जमाव नहीं होने देने का निर्देश दिया है।

प्रशासन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान के तहत पूजा पंडालों के आसपास झाड़ू लगाने, सड़कों से कचरा हटाने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का कार्य शुरू किया गया है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिरों और मेला स्थलों की सफाई को प्राथमिकता दी जा रही है। इसका उद्देश्य पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना और गंदगी से होने वाली परेशानियों को रोकना है।

पूजा पंडालों के पास लगेंगे डस्टबिन, नियमित होगा कचरे का उठाव

विशेष अभियान के तहत पूजा समितियों के सहयोग से पंडालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाने की व्यवस्था की जा रही है। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग संग्रहित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वच्छता कर्मियों को नियमित रूप से कचरे का उठाव सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि पूजा के दौरान किसी भी स्थान पर कूड़े का ढेर नहीं लगे।

प्रशासन ने पूजा समितियों से भी अपील की है कि वे अपने स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। विशेष रूप से प्रसाद वितरण और पूजा सामग्री के उपयोग के बाद निकलने वाले कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही डालने के लिए श्रद्धालुओं को जागरूक किया जाए।

प्लास्टिक मुक्त दुर्गा पूजा पर जोर, पर्यावरण अनुकूल सामग्री अपनाने की अपील

इस बार दुर्गा पूजा के दौरान स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। जिला प्रशासन ने पूजा समितियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की है। पंडालों की सजावट और प्रसाद वितरण में प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने को कहा गया है।

प्रशासन का प्रयास है कि पूजा आयोजन के दौरान निकलने वाले कचरे का बेहतर प्रबंधन हो और पर्व संपन्न होने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता बनी रहे।

स्वच्छता ही सच्ची सेवा और भक्ति : डीडीसी

डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने जिलेवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां दुर्गा का पर्व हमें आंतरिक शुद्धि के साथ अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का भी संदेश देता है। स्वच्छता ही सच्ची सेवा और भक्ति है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रशासन के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। पूजा समितियां, स्वयंसेवक और स्थानीय लोग मिलकर साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि दुर्गा पूजा का आयोजन स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण में संपन्न हो सके।

*राजस्व कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से अंचल का कामकाज ठप, जनता बेहाल – Doorbeen News*

राजस्व कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से अंचल का कामकाज ठप, जनता बेहाल

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *