व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk : खानपुर प्रखंड कार्यालय में बुधवार को आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत प्रखंड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार चंद्र ने की। इस दौरान कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों से जुड़े सभी सूचकों की बिंदुवार समीक्षा की गई। साथ ही कमजोर प्रदर्शन वाले सूचकों में सुधार को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार चंद्र ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक सूचक की वर्तमान स्थिति का विश्लेषण करते हुए कमियों और उनके मूल कारणों की पहचान की जाए। इसके बाद सुधार के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।


उन्होंने स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि सहित अन्य क्षेत्रों में विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा क्षेत्र स्तर पर नियमित निगरानी करने पर विशेष जोर दिया।उन्होंने कहा कि केवल आंकड़ों में सुधार करना ही कार्यक्रम का उद्देश्य नहीं है, बल्कि योजनाओं का वास्तविक लाभ लोगों तक पहुंचाना और जमीनी स्तर पर गुणवत्तापूर्ण परिणाम सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने सूचकों की नियमित समीक्षा करने, आंकड़ों की गुणवत्ता बनाए रखने और समय पर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कमजोर प्रदर्शन वाले सूचकों को प्राथमिकता के आधार पर सुधारने को भी कहा गया।


बैठक में प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राणा नितेश सिंह, शिक्षा विभाग से अविनाश कुमार, आकांक्षी प्रखंड फेलो कुंदन कुमार, गांधी फेलो रश्मिता, डिंग्गू कुमार, कृषि समन्वयक राजीव रंजन सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

*खानपुर में तीन दिवसीय प्रखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर में दूसरे दिन प्राप्त हुए 45 आवेदन में 28 का हुआ निष्पादित – Doorbeen News*








One Comment