खानपुर थानेश्वरी दुर्गा मंदिर में पहाड़ की थीम पर बनेगा पंडाल, 12 फीट की प्रतिमा होगी आकर्षण

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर/खानपुर। दुर्गा पूजा को लेकर जिले के खानपुर स्थित प्रसिद्ध थानेश्वरी दुर्गा मंदिर में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी यहां पूजा को भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है। मंदिर परिसर में बड़े पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। इस बार पंडाल के अंदर पहाड़ की थीम पर दृश्य तैयार किया जाएगा, जिसके बीच मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पंडाल और प्रतिमा तैयार होने के बाद श्रद्धालुओं को अलग तरह का धार्मिक और आकर्षक दृश्य देखने को मिलेगा।

पूजा समिति के अनुसार मां दुर्गा की करीब 12 फीट ऊंची प्रतिमा तैयार कराई जा रही है। प्रतिमा निर्माण के साथ पंडाल का काम भी तेजी से चल रहा है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को रंग-बिरंगे बल्ब और आकर्षक झालरों से सजाने की तैयारी है। शाम होते ही मंदिर परिसर रोशनी से जगमगाएगा।

अष्टमी-नवमी को उमड़ती है भीड़, पुलिस के साथ कमेटी संभालेगी व्यवस्था

थानेश्वरी दुर्गा मंदिर में दुर्गा पूजा के दौरान अष्टमी और नवमी को श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ उमड़ती है। दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से पुलिस बल की तैनाती की जाती है। पुलिस के सहयोग के लिए पूजा समिति के युवकों को भी लगाया जाता है, ताकि श्रद्धालुओं को कतार में दर्शन कराने और भीड़ को व्यवस्थित रखने में सहयोग मिल सके।

स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर में श्रद्धालु अपनी मनोकामना लेकर पहुंचते हैं। लोगों की धार्मिक आस्था इस मंदिर से जुड़ी हुई है। वैष्णवी मंदिर होने के कारण यहां बलि प्रथा नहीं होती। श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लेते हैं।

सप्तमी से दशमी तक महाप्रसाद, खिचड़ी-खीर और हलवा-पूरी का होगा वितरण

पूजा समिति की ओर से सप्तमी, अष्टमी, नवमी और दशमी के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा अलग-अलग दिनों में खिचड़ी, खीर और हलवा-पूरी का प्रसाद भी श्रद्धालुओं को दिया जाएगा। समिति के सदस्यों के अनुसार बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं, इसलिए इसके लिए पहले से व्यवस्था की जा रही है।

थानेश्वरी दुर्गा मंदिर में वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन होता आ रहा है। हर साल पूजा के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती है। इस बार पहाड़ की थीम पर तैयार हो रहा पंडाल और करीब 12 फीट की मां दुर्गा की प्रतिमा आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी।

पूजा समिति में थानाध्यक्ष अध्यक्ष की भूमिका में रहते हैं। सचिव रमण ठाकुर, कोषाध्यक्ष करुणाकर पाठक के अलावा अरविंद लाल, सुरेश शर्मा, जीवेश मिश्र सहित अन्य सदस्य पूजा की तैयारियों और व्यवस्था में जुटे हुए हैं। समिति के सदस्यों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां की जा रही हैं।

*शैक्षणिक भ्रमण से लौटे विद्यार्थियों ने साझा किए जैविक उद्यान, बापू टावर व गोलघर के अनुभव – Doorbeen News*

शैक्षणिक भ्रमण से लौटे विद्यार्थियों ने साझा किए जैविक उद्यान, बापू टावर व गोलघर के अनुभव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *