व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत 03 अक्टूबर 2026 को सोनपुर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष डीप क्लीनिंग ड्राइव चलाया गया। अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों में स्वच्छता के स्तर को और बेहतर बनाना तथा यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर यात्रा वातावरण उपलब्ध कराना है।
अभियान के दौरान प्रमुख स्टेशनों के प्लेटफॉर्म, फुट-ओवर ब्रिज (FOB), कॉनकोर्स, सीढ़ियों, प्रवेश एवं निकास द्वार, सर्कुलेटिंग एरिया तथा पार्किंग स्थलों की गहन सफाई एवं प्रेशर वॉशिंग की गई।


इसके साथ ही सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की डीप सैनिटाइजेशन करते हुए टाइल्स, फिटिंग, वॉश-बेसिन एवं फ्लश सिस्टम की सफाई की गई। आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्य तथा दुर्गंध नियंत्रण पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
प्रतीक्षालय एवं कॉनकोर्स में ओवरहेड स्ट्रक्चर, सीलिंग फैन, लाइट फिटिंग एवं साइनेज बोर्ड की सफाई की गई। वहीं डस्टबिन की धुलाई तथा क्षतिग्रस्त डस्टबिन/लाइनर को बदलने का कार्य भी किया गया। प्लेटफॉर्म के समीप स्थित नालियों एवं जल निकासी स्थलों से गाद एवं कचरे की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।


अभियान के दौरान यात्रियों एवं रेलकर्मियों से संवाद स्थापित कर उन्हें स्वच्छता बनाए रखने, स्वच्छ व्यवहार अपनाने तथा कचरे का उचित निस्तारण करने के प्रति जागरूक किया गया। यात्रियों से अपील की गई कि वे रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने में रेल प्रशासन का सहयोग करें तथा कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें।
सोनपुर मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा–2026 के दौरान रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है। “स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी” के संदेश के साथ यात्रियों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।



*गांधी-शास्त्री हमारे आदर्श हैं : डाॅ लाभ – Doorbeen News*




