व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: उमेश मिश्र : समस्तीपुर। बाजार समिति प्रांगण में रिटेल फार्मर एंड फर्टिलाइजर फाउंडेशन की बैठक जिला अध्यक्ष अमरेश झा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले के खाद दुकानदारों और रिटेलरों ने उर्वरक बिक्री से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दुकानों और उर्वरक मशीन में उपलब्ध मौजूदा स्टॉक को किसानों के हाथ बेचकर समाप्त किया जाएगा। इसके बाद नया उर्वरक नहीं उठाया जाएगा।
जिलाध्यक्ष अमरेश झा ने बताया कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने का निर्देश है। इसके तहत यूरिया 266 रुपए और डीएपी 1350 रुपए प्रति बोरी की दर से किसानों को उपलब्ध कराया जाना है। उन्होंने कहा कि रिटेलर सरकार के निर्धारित मूल्य पर किसानों को खाद देने के लिए तैयार हैं, लेकिन थोक विक्रेताओं और कंपनियों से खाद की खरीद के दौरान अलग स्थिति का सामना करना पड़ता है।
साइड प्रोडक्ट लेने का दबाव, गोदामों में स्टॉक जमा होने का दावा
रिटेलरों ने बैठक में आरोप लगाया कि उन्हें यूरिया करीब 300 से 320 रुपए और डीएपी 1700 से 1800 रुपए तक की कीमत में उपलब्ध कराया जाता है। इसके साथ ही कंपनियों की ओर से साइड प्रोडक्ट लेने का दबाव भी रहता है। दुकानदारों के अनुसार यूरिया के साथ करीब 60 हजार रुपए और डीएपी के साथ करीब 80 हजार रुपए तक के साइड प्रोडक्ट दिए जाते हैं, जिन्हें किसान खरीदना नहीं चाहते। इससे रिटेलरों के गोदामों में ऐसे उत्पादों का स्टॉक जमा होता जा रहा है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित स्तर पर ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन समाधान नहीं हुआ। दुकानदारों का कहना है कि एक तरफ उन्हें निर्धारित दर पर खाद बेचने के लिए कहा जाता है, वहीं दूसरी ओर खरीद के समय अधिक कीमत और अतिरिक्त उत्पादों का बोझ उठाना पड़ता है।
5 अक्टूबर को पटना में धरना, जिले के दुकानदार होंगे शामिल
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 5 अक्टूबर को पटना में यूनियन की ओर से धरना दिया जाएगा। इसमें जिले के खाद दुकानदार और रिटेलर भी शामिल होंगे। बैठक में मौजूद विक्रेताओं ने धरने में भाग लेने पर सहमति जताई।
दुकानदारों ने यह भी निर्णय लिया कि यदि मौजूदा स्टॉक समाप्त होने के बाद समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सभी रिटेलर अपनी दुकानें बंद कर जिला पदाधिकारी या जिला कृषि पदाधिकारी के कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे। जरूरत पड़ने पर आमरण अनशन शुरू करने की बात भी बैठक में कही गई।
बैठक में सचिव संजय कुमार, संतोष, कोषाध्यक्ष योगेंद्र राय, शोभा प्रसाद सिंह, कृष्णदेव चौरसिया, बबलू यादव, पारसनाथ सिंह, चंद्रप्रकाश, गुड्डू, उपेंद्र राय और अखिलेश राय सहित अन्य दुकानदार मौजूद थे।



*सातवां वेतनमान एवं ओपीएस लागू करने की मांग को ले पटना चलने की अपील – Doorbeen News*
सातवां वेतनमान एवं ओपीएस लागू करने की मांग को ले पटना चलने की अपील









