व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत बल्लीपुर पंचायत के वार्ड 7 में शनिवार की रात काले रंग का विषैला सांप घर के किचन में घुस आने से कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गई। बल्लीपुर गांव वार्ड 7 निवासी आनंद पाठक के घर में सांप होने की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों में दहशत फैल गई। घटना उस समय हुई, जब परिवार की महिला पुष्पम देवी खाना बनाने के लिए किचन में गई थीं।
इसी दौरान उनका पैर सांप पर पड़ गया। सांप का एहसास होते ही वह शोर मचाते हुए किचन से बाहर निकल गईं और घरवालों को किचन में सांप होने की जानकारी दी। महिला के अचानक चिल्लाते हुए बाहर निकलने से परिवार के अन्य सदस्य भी घबरा गए। कुछ देर तक किसी को समझ नहीं आया कि सांप कहां है और उसे कैसे बाहर निकाला जाए।


परिवार के लोगों को यह भी आशंका सताने लगी कि कहीं सांप ने महिला को डंस तो नहीं लिया है। हालांकि महिला के शरीर पर सांप के डंसने के कोई स्पष्ट लक्षण नहीं दिखे। इसके बाद परिजनों ने एहतियात के तौर पर किचन का दरवाजा बंद कर दिया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
सांप के घर में होने की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुटने लगे। कुछ देर बाद किचन को सावधानी से खोला गया। तलाशी लेने पर काले रंग का सांप सिलेंडर के पास छिपा हुआ दिखाई दिया। सांप को देखते ही वहां मौजूद लोगों में फिर से दहशत फैल गई। बड़े बुजुर्ग सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े रहे और सांप को बाहर निकालने का रास्ता तलाशते रहे।


इसी दौरान करीब आठ से दस बच्चे मौके पर पहुंचे और उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद बच्चों ने सांप को एक डिब्बे में सुरक्षित बंद कर दिया। इसके बाद डिब्बे को आबादी से दूर सुनसान स्थान पर ले जाकर सांप को सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस दौरान किसी भी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा।
घटना के बाद बच्चों के साहस की आसपास के लोगों ने जमकर सराहना की। मौके पर मौजूद बड़े बुजुर्गों ने कहा कि जिस समय सांप को देखकर बड़े लोग भी डरकर दूर खड़े थे, उस समय छोटे छोटे बच्चों ने साहस दिखाते हुए एकजुट होकर उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। बच्चों ने किसी तरह की जल्दबाजी किए बिना सांप को डिब्बे में बंद कर आबादी से दूर छोड़कर अपनी सूझबूझ का परिचय दिया। सांप के निकल जाने के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।


*जसम का 125 सदस्यीय बिहार राज्य परिषद का अध्यक्ष जीतेंद्र कुमार एवं सचिव दीपक सिन्हा चुने गये – Doorbeen News*
जसम का 125 सदस्यीय बिहार राज्य परिषद का अध्यक्ष जीतेंद्र कुमार एवं सचिव दीपक सिन्हा चुने गये






