व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर, 24 सितंबर 2026। समस्तीपुर जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की संयुक्त टीम ने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत एक नाबालिग बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू किया। बच्चा ट्रेन में अकेले और भटकी हुई स्थिति में सफर कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर को रेल मदद के माध्यम से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 94804 के कोच C-8 में एक नाबालिग बच्चा अकेला सफर कर रहा है। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ हेड कांस्टेबल मनोज कुमार साह ने त्वरित कार्रवाई की और समस्तीपुर जंक्शन पर बच्चे को ट्रेन से उतारकर सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट पहुंचाया।


पूछताछ में छपरा का बताया घर
आरपीएफ पोस्ट पर पूछताछ के दौरान बच्चे ने अपना घर छपरा जिले में बताया। इसके बाद आरपीएफ पोस्ट कमांडर ने चाइल्ड हेल्पलाइन, समस्तीपुर को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर 24 सितंबर को चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर संगीता कुमारी और जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र, समस्तीपुर के रेस्क्यू प्रभारी शोभानंद सिंह आरपीएफ पोस्ट पहुंचे।
सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चे को विधिवत सुपुर्दगी में लिया गया। इसके बाद जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र की ओर से बच्चे की सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराई गई और उसे चाइल्ड हेल्पलाइन को सुपुर्द कर दिया गया।


CWC के आदेश के बाद होगा पुनर्वास
जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र के रेस्क्यू प्रभारी शोभानंद सिंह ने बताया कि नाबालिग बच्चे को फिलहाल चाइल्ड हेल्पलाइन में सुरक्षित रखा गया है। किशोर न्याय अधिनियम के तहत बच्चे को बाल कल्याण समिति (CWC), समस्तीपुर के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई के लिए सुपुर्द किया गया है।
उन्होंने बताया कि CWC के आदेश के अनुसार ही बच्चे के पुनर्वास और परिवार को सुपुर्दगी की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


*समस्तीपुर में हल्दी के नमूनों की जांच, 28 में 9 में मानक से अधिक मिला लेड – Doorbeen News*
समस्तीपुर में हल्दी के नमूनों की जांच, 28 में 9 में मानक से अधिक मिला लेड






