व्हाट्सएप से जुड़ने को कलीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत रहियार दक्षिण पंचायत के कांकर गांव के वार्ड आठ में मंगलवार की देर रात ट्रैक्टर की बैटरी चोरी करने पहुंचे तीन युवकों में से एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पकड़े गए युवक को ग्रामीणों ने शिवाजीनगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ट्रैक्टर मालिक अरविंद साहु ने मामले को लेकर शिवाजीनगर थाने में लिखित आवेदन दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कांकर गांव निवासी स्व सियाराम साहु के पुत्र अरविंद साहु ने बताया कि वह रात में अपने दरवाजे पर सो रहे थे। करीब दो बजे ट्रैक्टर से आवाज आने पर उनकी नींद खुली। बाहर निकलकर देखा तो तीन युवक ट्रैक्टर की बैटरी खोल रहे थे। उन्हें देखते ही युवक बैटरी छोड़कर भागने लगे। अरविंद ने शोर मचाते हुए उनका पीछा किया। हीरा महतो के घर के पास एक युवक को ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया गया।


पूछताछ में उसने अपना नाम सत्यम कुमार बताया। अरविंद के अनुसार सत्यम ने मोबाइल से फोन कर अपने दो साथियों को बुलाया था। इनमें सिफुल और एक अन्य अज्ञात युवक शामिल था। दोनों साथी बाइक से पहुंचे थे। इसी दौरान सत्यम और सिफुल ने कथित रूप से पिस्टल निकाल ली और धमकी देते हुए वहां से भाग गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि दोनों ने पिस्टल के बट से सिर पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी। ग्रामीणों ने एक अन्य अज्ञात युवक को बाइक सहित पकड़ लिया।
हालांकि घटना के दौरान सत्यम और सिफुल मौके से फरार हो गए। अरविंद ने बताया कि उनके घर पर आटा चक्की मिल है। इसके अलावा भोरहा विशहर में भी आटा चक्की और आरा मिल संचालित होती है। उन्होंने बताया कि मिल पर जाने के लिए वह रात में उठे थे।


इसी दौरान ट्रैक्टर से आवाज सुनकर बाहर निकले और चोरी की घटना का पता चला। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके ट्रैक्टर से पहले भी दो बार बैटरी चोरी की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शिवाजीनगर में इलाज कराया गया है। सिर में चोट लगने के कारण उन्हें काफी परेशानी हुई। पीड़ित ने पकड़े गए युवक के साथियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करने के दौरान एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



*शव पहुंचते ही परिवार में मचा कोहराम, मां-पिता और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल – Doorbeen News*
शव पहुंचते ही परिवार में मचा कोहराम, मां-पिता और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल





