व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटबसेपुरा गांव से सोमवार सुबह स्कूल जाने के लिए निकली 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा की मां ने मुसरीघरारी थाने में आवेदन देकर गंगापुर पंचायत निवासी एक युवक पर उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आवेदन में लाटबसेपुरा वार्ड संख्या-6 निवासी महिला ने बताया है कि उनकी पुत्री सोमवार सुबह करीब नौ बजे गांव स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लाटबसेपुरा जाने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।


महिला का आरोप है कि खोजबीन के दौरान उन्हें एक युवक के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद वह उसके घर पहुंचीं। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि वहां युवक के परिजनों और अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की तथा धमकी दी। महिला ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि युवक के कुछ अन्य साथी भी इसमें शामिल हैं।
महिला के अनुसार, वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें वहां से भगा दिया। इसके बाद उन्होंने मुसरीघरारी थाने में लिखित आवेदन देकर अपनी पुत्री की बरामदगी और मामले की जांच की मांग की।
पुलिस कर रही मामले की जांच


मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा की मां की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस छात्रा के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही आवेदन में लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है। छात्रा की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक छात्रा के मिलने की पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई थी।


*भूमि विवाद और नीलाम वादों के निपटारे में तेजी लाने का निर्देश, थानाध्यक्षों के साथ SDO ने की बैठक – Doorbeen News*
भूमि विवाद और नीलाम वादों के निपटारे में तेजी लाने का निर्देश, थानाध्यक्षों के साथ SDO ने की बैठक






