व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर। प्रखंड अंतर्गत रहियार उत्तर पंचायत के चित्तौड़ा गांव स्थित भगवती स्थान महावीर मंदिर परिसर में श्री श्री 108 श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर नवयुवक संघ चित्तौड़ा के नेतृत्व में मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र में पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं युवाओं ने कार्यक्रम में पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन फीता काटकर किया गया। इसके बाद मटका फोड़ प्रतियोगिता शुरू हुई। प्रतियोगिता में चित्तौड़ा गांव की नवयुवक संघ की टीम ने रोमांचक मुकाबले में हिस्सा लिया। मटका फोड़ने के लिए प्रतिभागियों ने अपनी पूरी ताकत और कौशल का प्रदर्शन किया। काफी जद्दोजहद के बाद तीसरे प्रयास में चित्तौड़ा की टीम के सचिन कुमार ने मटका फोड़ने में सफलता हासिल की।


उनकी सफलता के साथ ही परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। दर्शकों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए जमकर तालियां बजाईं।प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए चित्तौड़ा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद आयोजन समिति की ओर से विजेता एवं उपविजेता टीम को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली चित्तौड़ा की टीम को नकद पुरस्कार एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। मटका फोड़ प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य युवाओं में आपसी भाईचारा, सहयोग एवं खेल भावना को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में स्थानीय ग्रामीणों के साथ आसपास के क्षेत्रों से आए युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


आयोजन समिति के सदस्यों ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों एवं युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्सवी माहौल बना रहा। समिति ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मौके पर रोशन कुमार, हीरालाल कुमार, अजय कुमार मंडल, अमित कुमार, राहुल कुमार, विकास कुमार, सोनू कुमार, राजेश कुमार, जयराम साहू, उमेश मंडल, योगानंद मंडल, लालबाबू कुमार, शेखर कुमार, अमरजीत कुमार, अजीत कुमार, शिवम कुमार, रघुनाथ कुमार, विराट मंडल, पिंकू कुमार, दिलखुश कुमार, सचिन कुमार, लक्ष्मी नारायण मंडल, रामनारायण मंडल सहित ग्रामीण एवं नवयुवक समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।



*स्व. राम लखन सिंह की 40वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि – Doorbeen News*





