देवेश कुमार बने बिहार राज्य योजना पर्षद के उपाध्यक्ष, तीन साल का होगा कार्यकाल

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: पटना। हाल ही में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के लिए बिहार विधान परिषद की सदस्यता छोड़ने वाले भाजपा नेता देवेश कुमार को राज्य सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें बिहार राज्य योजना पर्षद का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। योजना एवं विकास विभाग के उप सचिव ददन प्रसाद सरवार ने सोमवार को नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी की। देवेश कुमार का कार्यकाल तीन वर्षों का होगा।

इधर, सरकार ने बिहार राज्य नागरिक परिषद में भी नई नियुक्तियां की हैं। जदयू के प्रभावी नेता डॉ. अजय कुमार सिंह को परिषद का उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि हरेन्द्र बहादुर सिंह को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से अधिसूचना जारी की गई है।

अजय कुमार सिंह का राजनीतिक परिवार से रहा है जुड़ाव

डॉ. अजय कुमार सिंह जदयू के सक्रिय नेताओं में शामिल हैं। उनकी मां सीवान के रघुनाथपुर और दरौंदा विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुकी हैं। वहीं उनकी पत्नी कविता सिंह भी विधायक और सांसद रह चुकी हैं। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अजय कुमार सिंह ने कहा कि वे राज्य में सुशासन को मजबूत करने और वंचित एवं शोषित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के पार्टी के संकल्प को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने जदयू और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार जताया।

20 सूत्री समिति में तीन नए सदस्य

राज्य सरकार ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री समिति) में भी तीन नए सदस्यों को शामिल किया है। इनमें विधायक आलोक कुमार सिंह, पूर्व मंत्री अनिल कुमार और सुरेन्द्र कुमार उर्फ सुरेन्द्र विवेक शामिल हैं। इन सभी को उपमंत्री स्तर का दर्जा और उससे जुड़ी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

देवेश कुमार ने जताया शीर्ष नेतृत्व का आभार

योजना पर्षद का उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद देवेश कुमार ने प्रधानमंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री समेत पार्टी के शीर्ष नेताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा जताया कि वे सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।

*शिक्षक भर्ती का नया विज्ञापन आएगा, आवेदन प्रक्रिया टली, TRE-4 में 32,388 पदों पर भर्ती के विज्ञापन में होगा बदलाव – Doorbeen News*

शिक्षक भर्ती का नया विज्ञापन आएगा, आवेदन प्रक्रिया टली, TRE-4 में 32,388 पदों पर भर्ती के विज्ञापन में होगा बदलाव

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *