व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: सरायरंजन के अख्तियारपुर गांव में किशोरी की मौत के मामले में आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को लोगों ने सरायरंजन थाना का घेराव किया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी शिक्षक को अविलंब गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की। पतैली पेट्रोल पंप से निकला मार्च सरायरंजन बाजार होते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचा। इसके बाद मार्च थाना परिसर में पहुंचकर नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गया। मार्च का संयुक्त नेतृत्व संजीव कुमार इन्कलाबी और प्रभाष कुमार ईश्वर ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए संजीव कुमार इन्कलाबी ने कहा कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर आरोपी कब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार नहीं किया गया तो अख्तियारपुर गांव से सरायरंजन थाना तक हाथों में कटोरा लेकर ‘न्याय की भीख यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके बाद चक्का जाम कर आंदोलन किया जाएगा।


थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि 48 घंटे के अंदर मामले में कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।
मृत किशोरी के पिता उत्तम राय ने कहा कि उनकी बेटी को न्याय मिलना चाहिए, चाहे इसके लिए उन्हें भीख मांगने के लिए ही क्यों न निकलना पड़े। किशोरी के चाचा अशोक राय ने कहा कि परिवार न्याय के लिए लगातार दर-दर की ठोकरें खा रहा है, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला है।
बताया गया कि अख्तियारपुर गांव निवासी उत्तम राय की 16 वर्षीय पुत्री चिंकी कुमारी की 22 अगस्त को मौत हो गई थी। परिजनों के अनुसार, इससे एक दिन पहले 21 अगस्त की रात श्रीराम कॉमर्स कोचिंग के संचालक सह बीपीएससी शिक्षक संजय कुमार झा को किशोरी के घर में पकड़े जाने की बात सामने आई थी। स्थानीय लोगों ने शिक्षक को पकड़ लिया था और उसके साथ मारपीट भी हुई थी। इसी दौरान वह वहां से भागने में सफल रहा।
घटना के बाद किशोरी ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली।


हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है। किशोरी उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय अख्तियारपुर में कक्षा 11वीं की छात्रा थी और आरोपी शिक्षक के निजी कोचिंग संस्थान में भी पढ़ती थी।
प्रदर्शन में सत्यम कुमार झा, पवन कुमार पटेल, सौरभ कुमार झा, उमेश कुमार झा, विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

*पंचायत परिसीमन को लेकर अधिकारियों व कर्मियों को मिला जिम्मा, एक से 10 सितंबर तक चलेगा अभियान – Doorbeen News*
पंचायत परिसीमन को लेकर अधिकारियों व कर्मियों को मिला जिम्मा, एक से 10 सितंबर तक चलेगा अभियान







