व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: पटना–पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित मार्ग से सरायरंजन स्थित लगभग 65 वर्ष पुराने केदार संत रामाश्रय (KSR) महाविद्यालय एवं आसपास के सैकड़ों परिवारों के प्रभावित होने की आशंका के खिलाफ चला 6 दिनों का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल आंदोलन अब एक महत्वपूर्ण मुकाम पर पहुंच गया है।
इस आंदोलन के छठे दिन, 25 अगस्त को पूर्णिया के सांसद एवं कांग्रेस नेता राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव धरना स्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने आंदोलनकारियों से मुलाकात की, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों के समक्ष केएसआर कॉलेज और प्रभावित ग्रामीणों की बात मजबूती से रखी।
पप्पू यादव ने DM, संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों तथा अन्य अधिकारियों से बातचीत कर आंदोलन की मांगों को उनके समक्ष रखा। अधिकारियों से बातचीत और सकारात्मक पहल के बाद उन्होंने आंदोलनकारियों का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त करवाया।


उस दौरान पप्पू यादव ने आंदोलनकारियों और स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया था कि वे स्वयं इस मामले को NHAI के अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे, आवेदन देंगे और हर संभव प्रयास करेंगे कि केएसआर कॉलेज तथा क्षेत्र के लोगों को इस विवादित अलाइनमेंट के कारण नुकसान न हो।
अपने इसी आश्वासन को पूरा करते हुए आज पप्पू यादव ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को आवेदन सौंपकर वर्तमान विवादित अलाइनमेंट पर पुनर्विचार करने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की मांग की है।
आवेदन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वर्तमान प्रस्तावित अलाइनमेंट से लगभग 65 वर्ष पुराने KSR महाविद्यालय, उसके हजारों विद्यार्थियों, आसपास के गरीब परिवारों, दुकानदारों एवं स्थानीय समुदाय को गंभीर नुकसान होने की आशंका है। उन्होंने मांग की है कि तकनीकी परीक्षण कर ऐसा वैकल्पिक अलाइनमेंट तय किया जाए, जिससे विकास कार्य भी बाधित न हो और सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से महत्वपूर्ण संस्थान तथा स्थानीय लोगों के हित भी सुरक्षित रहें।


इस संबंध में NSUI समस्तीपुर के जिला अध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने कहा—
«“केएसआर कॉलेज बचाओ आंदोलन केवल एक कॉलेज की इमारत बचाने की लड़ाई नहीं है, बल्कि हजारों विद्यार्थियों के भविष्य, गरीब परिवारों के घर और पूरे सरायरंजन क्षेत्र के सम्मान की लड़ाई है। हमारे साथियों ने लगातार अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर इस गंभीर जनसमस्या को मजबूती से उठाया। आंदोलन के छठे दिन आदरणीय सांसद पप्पू यादव जी स्वयं धरना स्थल पर आए, उन्होंने हमारी बात सुनी, प्रशासन के अधिकारियों के समक्ष हमारी मांग रखी और सकारात्मक पहल के बाद हमारा अनशन समाप्त करवाया।”»
राजन कुमार वर्मा ने आगे कहा—
«“पप्पू यादव जी ने उस दिन हम सभी को आश्वासन दिया था कि वे दो दिनों के भीतर स्वयं NHAI के अधिकारियों से मिलकर इस मामले में आवेदन देंगे और केएसआर कॉलेज सहित क्षेत्र के लोगों को बचाने के लिए पूरी ताकत से आवाज उठाएंगे। आज उन्होंने अपना वादा निभाते हुए NHAI को आवेदन सौंप दिया है। इसके लिए हम उनके प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।”»


उन्होंने कहा कि NSUI और केएसआर कॉलेज बचाओ आंदोलन से जुड़े लोग विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर किसी शिक्षण संस्थान, हजारों विद्यार्थियों के भविष्य और गरीब परिवारों के घरों को नुकसान पहुंचाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
NSUI जिला अध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने NHAI एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की कि पप्पू यादव द्वारा दिए गए आवेदन और स्थानीय ग्रामीणों की आपत्तियों को गंभीरता से लेते हुए वर्तमान विवादित अलाइनमेंट की निष्पक्ष समीक्षा की जाए तथा जल्द से जल्द ऐसा वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया जाए, जिससे KSR महाविद्यालय सुरक्षित रहे और किसी भी गरीब परिवार को अनावश्यक नुकसान न उठाना पड़े।

NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष अभिनव अंशु ने कहा कि 6 दिनों तक चले इस अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और जनआंदोलन ने क्षेत्र की जनता की पीड़ा को सरकार और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का काम किया है। अब पप्पू यादव द्वारा NHAI के समक्ष आवेदन दिए जाने के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इस गंभीर मुद्दे पर जल्द सकारात्मक और न्यायपूर्ण निर्णय लिया जाएगा।
“सड़क भी बने, विकास भी हो—लेकिन शिक्षा, विद्यार्थियों का भविष्य और गरीबों के घर सुरक्षित रहें।”
*केदार संत रामाश्रय महाविद्यालय के अस्तित्व की रक्षा को लेकर एबीवीपी ने किया सदबुद्धि महायज्ञ – Doorbeen News*
केदार संत रामाश्रय महाविद्यालय के अस्तित्व की रक्षा को लेकर एबीवीपी ने किया सदबुद्धि महायज्ञ





