बेला में शोभा कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय नवाह पारायण नाम संकीर्तन महायज्ञ शुरू

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत रहियार उत्तर पंचायत के बेला गांव स्थित भगवती स्थान परिसर में सोमवार को भव्य शोभा कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय नवाह पारायण नाम संकीर्तन महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। धार्मिक अनुष्ठान को लेकर सुबह से ही गांव में श्रद्धालुओं की चहल पहल बनी रही। गाजे बाजे और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इससे पूरा बेला गांव और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।

कलश यात्रा के लिए सिमरिया घाट से गंगाजल लाया गया। भगवती स्थान परिसर में विधिवत पूजा अर्चना के बाद 51 कुमारी कन्याओं एवं महिलाओं ने कलश धारण किया। इसके बाद गाजे बाजे के साथ श्रद्धालुओं की टोली शोभायात्रा के रूप में बेला गांव, चितौरा, भानपुर और दसौत पट्टी होते हुए यज्ञ स्थल पहुंची। वहां पंडित रामेश्वर शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सभी कलशों की विधिवत स्थापना कराई। मुख्य यजमान रामबाबू मंडल एवं उनकी धर्मपत्नी ने धार्मिक विधि-विधान के अनुसार पूजा-अर्चना कर महायज्ञ के सफल आयोजन की कामना की।

यज्ञ समिति के अनुसार नौ दिनों तक हवन-यज्ञ सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। वहीं नवाह पारायण नाम संकीर्तन को लेकर विशेष तैयारी की गई है। छह पंचायतों की कीर्तन मंडलियों को यज्ञ समिति की ओर से पत्र भेजकर आमंत्रित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग कीर्तन मंडलियां बारी-बारी से दो-दो घंटे की टोली बनाकर नौ दिनों और नौ रातों तक अखंड नाम संकीर्तन करेंगी। कीर्तन मंडलियों के पहुंचने से यज्ञ स्थल पर धार्मिक वातावरण और भी भव्य होने की उम्मीद है।

कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा जय सियाराम के जयघोष से पूरा वातावरण गूंजता रहा। जय सियाराम, जय सियाराम, जय जय सियाराम के सामूहिक संकीर्तन से बेला गांव सहित आसपास के इलाके में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ धार्मिक आयोजन में सहभागिता की। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से गांव में आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता और धार्मिक भावना को मजबूती मिलती है।

महायज्ञ को सफल बनाने में यज्ञ समिति के सदस्यों के साथ ग्रामीणों का भी विशेष योगदान रहा। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा, पूजा-अर्चना और कीर्तन मंडलियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है।
मौके पर बाबू प्रसाद सिंह, गणेश कुमार मंडल उर्फ भंडारी, जयद्रथ कुमार, चंद्र नारायण मंडल, विनोद कुमार मंडल, हरि नारायण सिंह, रामभजन मंडल, रमाकांत मंडल, रामकरण मंडल, गंगा प्रसाद मंडल, रामशगुन मंडल, रामसेवक मंडल अधिवक्ता, दिनेश कुमार सिंह, शिक्षक शंकर कुमार, गंगा मंडल भगत जी, राजा राम मंडल सहित यज्ञ समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह बना हुआ है।

*मेडिकल जांच के बाद पुलिस कस्टडी से शराब पीने का आरोपित फरार – Doorbeen News*

मेडिकल जांच के बाद पुलिस कस्टडी से शराब पीने का आरोपित फरार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *