व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत रहटौली पंचायत के विभिन्न गांवों से शुक्रवार को 125 कांवरियों का जत्था दो बसों से बाबा धाम देवघर के लिए रवाना हुआ। पंचायत के मुखिया प्रेम कुमार सहनी के नेतृत्व में महिला और पुरुष कांवरियों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए प्रस्थान किया। कांवरियों के रवाना होने के दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। लाल पीले वस्त्रों में सजे कांवरिया बोल बम और हर हर महादेव के जयकारे लगाते हुए बाबा धाम के लिए रवाना हुए। मुखिया प्रेम कुमार सहनी ने बताया कि रहटौली पंचायत से सावन माह में कांवर यात्रा की यह परंपरा पिछले करीब 20 वर्षों से लगातार चली आ रही है।
प्रत्येक वर्ष पंचायत के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने देवघर जाते हैं। इस बार भी महिला और पुरुष श्रद्धालुओं को मिलाकर कुल 125 कांवरिया दो बसों से यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने बताया कि पहले सभी कांवरिया सुल्तानगंज पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद सुबह सुल्तानगंज में गंगा स्नान कर पवित्र गंगाजल अपने अपने कांवर में भरेंगे और वहां से पैदल बाबा धाम की यात्रा शुरू करेंगे। उन्होंने बताया कि सुल्तानगंज से देवघर तक की पैदल यात्रा के दौरान कांवरियों का जत्था रास्ते में तीन स्थानों पर रात्रि विश्राम करेगा। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, नियम और निष्ठा के साथ यात्रा पूरी करेंगे।


यात्रा के चौथे दिन मंगलवार को सभी कांवरिया बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर पवित्र गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद बासुकीनाथ धाम पहुंचकर वहां भी भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पूजा अर्चना पूरी करने के बाद कांवरिया अपने घरों के लिए वापस रवाना होंगे। मुखिया प्रेम कुमार सहनी ने कहा कि बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के बाद सभी श्रद्धालु अपने परिवार की सुख समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना करेंगे। साथ ही रहटौली पंचायत सहित पूरे शिवाजीनगर प्रखंड में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे, इसके लिए भी बाबा से प्रार्थना की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांवर यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह आपसी भाईचारा, प्रेम और सामाजिक एकता का भी संदेश देती है।
कांवरियों ने बताया कि वे पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ बाबा धाम जा रहे हैं। कई श्रद्धालुओं ने बताया कि उन्होंने पूर्व में बाबा से अपनी मनोकामना मांगी थी, जो पूरी होने के बाद इस बार जलाभिषेक करने जा रहे हैं। वहीं कुछ श्रद्धालु परिवार के सुख-कल्याण और अन्य मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए बाबा से प्रार्थना करने के उद्देश्य से यात्रा पर निकले हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि सच्चे मन से बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना करने वाले भक्तों की आस्था और मनोकामना पर भोलेनाथ की कृपा बनी रहती है।


कांवर यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं ने खान-पान की भी विशेष तैयारी की है। घर से आवश्यक खाद्य सामग्री और अल्पाहार की व्यवस्था साथ लेकर कांवरियों का जत्था निकला है। यात्रा के दौरान सभी कांवरियों के लिए एक साथ भोजन तैयार किया जाएगा। श्रद्धालुओं ने बताया कि यात्रा के दौरान नियम और निष्ठा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। कुछ कांवरिया फलाहार पर रहेंगे और बाबा का जलाभिषेक करने के बाद ही अन्न ग्रहण करेंगे। वहीं कुछ श्रद्धालु सुबह फलाहार कर पैदल यात्रा करेंगे और रात में भोजन करेंगे। इस तरह सभी कांवरिया अपनी अपनी धार्मिक मान्यताओं और संकल्प के अनुसार यात्रा पूरी करेंगे।
रहटौली पंचायत से निकले इस कांवरिया जत्थे में तेजो मंडल, बुआ बाबा, सुरेंद्र सिंह, लक्ष्मी दास, सीताराम दास, राजीव सहनी, बाबूजी सहनी, रंजीत कुमार, सरोज कुमार, बलवीर दास, मदन दास, लक्ष्मी दास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं। महिला कांवरियों में शशि देवी, कौशल्या देवी, पार्वती देवी, पूनम देवी, जयमाला देवी, आरती देवी और पूजा देवी समेत अन्य श्रद्धालु शामिल हैं।


कांवरियों के रवाना होने से पहले पंचायत में उत्साह का माहौल रहा। परिजन और ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। जयकारों के बीच कांवरियों का जत्था बाबा धाम के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालुओं ने कहा कि यात्रा के दौरान वे बाबा भोलेनाथ से अपने परिवार, गांव और क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना करेंगे तथा आपसी प्रेम और भाईचारा हमेशा कायम रहने की कामना करेंगे।

*ऑटोमेटिक फिटनेस सेंटर पर अवैध वसूली का आरोप, मोटर व्यवसायी संघ ने डीएम को सौंपा ज्ञापन – Doorbeen News*
ऑटोमेटिक फिटनेस सेंटर पर अवैध वसूली का आरोप, मोटर व्यवसायी संघ ने डीएम को सौंपा ज्ञापन





