बीस सूत्री की बैठक में नल-जल, जर्जर बिजली तार व खराब अनाज का मुद्दा गरमाया

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: सिंघिया प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचायत समिति सभागार भवन में गुरुवार को बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की पांचवीं बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह पप्पू ने की, जबकि संचालन बीडीओ विवेक रंजन ने किया। बैठक में रोसड़ा विधायक बीरेन्द्र कुमार एवं हसनपुर विधायक राजकुमार राय विशेष रूप से उपस्थित रहे।

दोनों विधायकों का अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों की ओर से पाग, चादर एवं माला पहनाकर सम्मान किया गया। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, कार्यशैली तथा जनसमस्याओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक शुरू होते ही सदस्यों ने अपने अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से सदन के समक्ष रखा। एफसीआई गोदाम, बिजली विभाग, पीएचईडी, शिक्षा, भवन निर्माण, कृषि, प्रखंड आपूर्ति समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बीडीओ विवेक रंजन समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने अपने विभाग से संचालित योजनाओं, उपलब्धियों एवं लंबित मामलों की जानकारी सदन को दी। अधिकारियों से सदस्यों द्वारा पूछे गए सवालों पर स्थिति स्पष्ट करने के साथ आवश्यक कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया गया।

बैठक में सदस्य परीक्षण महतो ने प्रखंड मुख्यालय में बिना एनओसी प्राप्त भवन को तोड़कर मलबा बेचने का मामला जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने इस मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। वहीं सदस्य विमल राय एवं बृजभूषण यादव ने पूरे प्रखंड में नल जल योजना की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। सदस्यों ने कहा कि कई गांवों में लोगों को नियमित रूप से पानी नहीं मिल रहा है। पीएचईडी से जुड़ी समस्या को गंभीर बताते हुए इसे तत्काल दूर करने की मांग की गई।

बिजली व्यवस्था को लेकर भी जर्जर तारों को बदलने तथा दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर शीघ्र सुधार कराने की मांग सदन में उठी। सदस्य अनिल सिंह ने अंचल कार्यालय में परिमार्जन से संबंधित मामलों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आवेदकों द्वारा सभी आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध कराने के बावजूद आवेदन रिजेक्ट कर दिए जाते हैं। उन्होंने इस व्यवस्था की समीक्षा कर उचित कार्रवाई की मांग की। इस पर अंचल अधिकारी मोनी कुमारी ने अंचल से संबंधित मामलों की स्थिति के बारे में सदन को जानकारी दी और आवश्यक प्रक्रिया से सदस्यों को अवगत कराया।

सदस्य सत्येंद्र यादव ने कृषि विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए खाद की बिक्री का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने इसकी जांच कर किसानों को उचित दर पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की। कृषि विभाग के अधिकारी सत्यम कुमार सिंह ने विभागीय व्यवस्था एवं उपलब्धता के संबंध में सदन को जानकारी दी। एफसीआई गोदाम में खराब एवं सड़ा हुआ गेहूं मिलने का मामला सदस्य सुशील झा ने उठाया।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को यदि खराब अनाज दिया गया तो इससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों विधायक एफसीआई गोदाम पहुंचे और वहां अनाज का निरीक्षण किया। उन्होंने एफसीआई प्रबंधक को गुणवत्ता में सुधार करने का निर्देश देते हुए कहा कि जनवितरण प्रणाली के दुकानदारों को गुणवत्तापूर्ण अनाज उपलब्ध कराया जाए, ताकि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। विधायकों ने गोदाम की व्यवस्था को दुरुस्त रखने और अनाज की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।

रोसड़ा विधायक बीरेन्द्र कुमार ने बैठक में अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि बीस सूत्री समिति की बैठक में विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी आवश्यक है, ताकि सदस्यों द्वारा उठाए गए सवालों का मौके पर जवाब मिल सके और समस्याओं का समाधान तेजी से हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना उचित कारण बैठक से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध एक दिन के वेतन की कटौती के साथ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। हसनपुर विधायक राजकुमार राय समेत बैठक में मौजूद सदस्यों ने इस पर सहमति जताई।

हसनपुर विधायक राजकुमार राय ने शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान बीईओ मनोज झा से डीहा पंचायत में निर्माणाधीन विद्यालय भवन की स्थिति के बारे में जानकारी मांगी। उन्होंने विद्यालय भवन में अब तक छत की ढलाई नहीं होने का कारण पूछा।
बैठक में अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं के संबंध में विस्तार सेच जानकारी दी। बीडीओ विवेक रंजन ने प्रखंड स्तर पर संचालित योजनाओं की प्रगति एवं प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी दी। सीओ मोनी कुमारी ने राजस्व एवं अंचल से जुड़े मामलों की स्थिति बताई। बीपीआरओ कृष्ण कुमार सिंह ने पंचायत स्तर की योजनाओं और कार्यों से संबंधित जानकारी दी।

बीईओ मनोज झा ने शिक्षा विभाग, बीएओ सत्यम कुमार सिंह ने कृषि विभाग तथा एमओ उत्कर्ष दुबे ने आपूर्ति व्यवस्था से संबंधित जानकारी सदन को दी। पीएचईडी की प्रीति कुमारी ने नल-जल योजना की स्थिति से सदस्यों को अवगत कराया।
बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एमएम अंसारी, बिजली विभाग के जेई शशि शेखर सिंह, बीसीओ ललन सिंह, एसआई मिथुन कुमार, जीविका बीपीएम पीयूष पुष्यंत, बाल विकास परियोजना से सुनीता कुमारी, पीओ जितेंद्र कुमार, बीस सूत्री उपाध्यक्ष अरुण शेखर कुंवर सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समिति के सदस्य मौजूद थे। बैठक के अंत में अधिकारियों को सदस्यों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया गया।

*डीएम ने अधिकारियों को पात्र परिवारों तक समय पर लाभ पहुंचाने और निर्माण की नियमित निगरानी का दिया निर्देश – Doorbeen News*

डीएम ने अधिकारियों को पात्र परिवारों तक समय पर लाभ पहुंचाने और निर्माण की नियमित निगरानी का दिया निर्देश

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *