लखीसराय में सावन की तीसरी सोमवारी पर बड़ा हादसा, भगदड़ में 7 कांवरियों की मौत

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

बैरिकेडिंग टूटने के बाद मची अफरातफरी, मृतकों में छह महिलाएं; डीएम-एसपी ने संभाला मोर्चा

 

Doorbeen News Desk: लखीसराय। सावन की तीसरी सोमवारी पर बिहार के लखीसराय के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सोमवार सुबह भीषण हादसा हो गया। भारी भीड़ के बीच बैरिकेडिंग टूटने से भगदड़ मच गई। हादसे में सात कांवरियों की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार ने सात लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में छह महिलाएं शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

सुबह करीब छह बजे के बाद बिगड़ी स्थिति

बताया गया कि सोमवार सुबह करीब छह बजे के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ अचानक बढ़ गई। अशोक धाम मंदिर से अशोक धाम हॉल्ट तक करीब दो किलोमीटर की दूरी में बांस-बल्ले से बैरिकेडिंग की गई थी। अत्यधिक भीड़ के दबाव में बैरिकेडिंग का एक हिस्सा टूट गया, जिसके बाद श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बैरिकेडिंग के पास बिजली का पोल भी था। बल्ला टूटकर पोल पर अटक गया, जिससे पोल टेढ़ा हो गया। इसी दौरान पोल गिरने और करंट फैलने की अफवाह फैल गई। अफवाह के बाद श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े।

दो ट्रेनों से एक साथ पहुंचे श्रद्धालु

बताया जा रहा है कि सुबह एक साथ दो ट्रेनें लखीसराय पहुंचीं। आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मंदिर पहुंचे थे। एक साथ भारी संख्या में लोगों के पहुंचने से जलार्पण के लिए लगी कतार में भीड़ का दबाव बढ़ गया।

प्रशासन की ओर से तीसरी सोमवारी को संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है, लेकिन श्रद्धालुओं की भारी संख्या के सामने व्यवस्था कम पड़ गई।

डीएम अस्पताल में, एसपी मंदिर परिसर में कैंप कर रहे

हादसे के बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएम शैलेंद्र कुमार अस्पताल में रहकर घायलों के इलाज की व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, जबकि एसपी मंदिर परिसर में कैंप कर रहे हैं। डीएम ने बताया कि सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल कुछ श्रद्धालुओं को बेहतर उपचार के लिए पटना भेजे जाने की संभावना है।

प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल हादसे के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास जारी है। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

*वारिसनगर में किसान महासभा का प्रखंड सम्मेलन आयोजित, 13 सदस्यीय नई कमेटी गठित – Doorbeen News*

वारिसनगर में किसान महासभा का प्रखंड सम्मेलन आयोजित, 13 सदस्यीय नई कमेटी गठित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *