व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें
Doorbeen News Desk: वारिसनगर के बीटी उच्च विद्यालय किशनपुर के पूर्ववर्ती छात्रगण के तत्वावधान में विद्यालय परिसर में रविवार को “गुरु सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शाम पांच बजे विधायक वीरेंद्र पासवान, डॉ. ज्ञानेन्द्र, डॉ. नीलेश, डॉ. संजीव, डॉ. चंद्रमणि एवं उपस्थित शिक्षाविदों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर की।
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले तथा आयोजक मंडल के सदस्यों को शिक्षा प्रदान करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में पूर्व प्राध्यापक एवं शिक्षाविद सचीन्द्रनाथ प्रसाद ठाकुर, सेवानिवृत्त शिक्षक धरणीधर ठाकुर, राजाराम प्रसाद सिंह, सच्चिदानंद सिंह, विनय कुमार शर्मा, सेवानिवृत्त बीईओ हरिशंकर झा एवं शिवचंद्र ठाकुर शामिल रहे।
‘ज्ञान की कोई सीमा नहीं’
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शिक्षाविद सचीन्द्रनाथ प्रसाद ठाकुर ने कहा कि “ज्ञान की कोई सीमा नहीं है। मनुष्य जीवन पर्यंत सीखता रहता है।” उन्होंने गुरु सम्मान समारोह के आयोजन के लिए विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्रों के प्रति आभार जताया।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. चंद्रमणि, अधिवक्ता कैलाश राय, प्रधानाध्यापक पवन कुमार सारी, अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय सचिव रजनीश कुमार तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हायाघाट के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ललित कुमार ने गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का संचालन उत्क्रमित मध्य विद्यालय लगुनियाँ सूर्यकंठ के प्रधानाध्यापक सौरभ कुमार ने किया। आयोजन के सफल संचालन में रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक वीरेंद्र पासवान एवं समाजसेवी सह दंत चिकित्सक डॉ. ज्ञानेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संयोजन मुकेश कुमार ने किया।
समारोह के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र एवं कलाकार कंचन और उनकी टीम ने शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर डॉ. नीलेश, डॉ. संजीव, मार्क इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक पुरुषोत्तम कुमार, शोधार्थी सुजाता कुमारी, शिक्षक नेता प्रशांत कुमार सहित बीटी उच्च विद्यालय किशनपुर के सैकड़ों पूर्ववर्ती छात्र मौजूद रहे। समारोह में गुरु-शिष्य के आत्मीय संबंध और विद्यालय से जुड़े पुराने संस्मरणों की झलक भी देखने को मिली।

*अशुद्ध पेयजल से होने वाले खतरों को लेकर बच्चों को किया जागरूक – Doorbeen News*
अशुद्ध पेयजल से होने वाले खतरों को लेकर बच्चों को किया जागरूक










