व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें
Doorbeen News Desk: सीवान। 25 जुलाई 2026 को बिहार बंद के दौरान सीवान में छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस फायरिंग के आरोपों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की सात सदस्यीय जांच टीम ने शनिवार को सीवान पहुंचकर घटना की स्थलीय जांच की और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
राजद के अनुसार, नीट पेपर लीक के विरोध में छात्र संगठनों द्वारा बिहार बंद का आह्वान किया गया था। इस दौरान सीवान में प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया था। पार्टी का आरोप है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर पहले लाठीचार्ज किया और बाद में गोलीबारी की, जिसमें तीन छात्र घायल हुए। घायलों में आकाश कुमार यादव, बुलेट कुमार गौड़ और नाबालिग मो. आरिफ शामिल हैं। पार्टी के मुताबिक तीनों का इलाज मेदांता अस्पताल में कराया गया और वे अभी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हुए हैं।



राजद की जांच टीम में बिहार विधानसभा के पूर्व मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अवध बिहारी चौधरी, विधायक मो. ओसामा शाहाब, अलख निरंजन उर्फ वीनू यादव, राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक जितेंद्र कुमार राय, विधायक विनोद जायसवाल तथा सीवान जिला राजद अध्यक्ष विपिन कुशवाहा शामिल रहे।
जांच दल ने घटना की निंदा करते हुए न्यायिक जांच कराने की मांग की। टीम ने गोली चलाने का आदेश देने वाले पुलिस पदाधिकारी तथा फायरिंग करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए सेवा से बर्खास्त करने की मांग रखी। इसके साथ ही प्रत्येक पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी देने तथा दोषियों पर कार्रवाई कर शासन का इकबाल बहाल करने की मांग की गई।
राजद ने कहा कि जांच टीम घटना के दौरान पुलिस-प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई और अब तक की कार्रवाई की अद्यतन स्थिति की जानकारी भी जुटा रही है।



*कारगिल योद्धाओं समेत 20 पूर्व सैनिक व वीर नारियों को किया सम्मानित – Doorbeen News*
कारगिल योद्धाओं समेत 20 पूर्व सैनिक व वीर नारियों को किया सम्मानित






