समस्तीपुर में होम्योपैथिक चिकित्सक की गला रेतकर ह/त्या, गांव में सनसनी

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। जिले के बंगरा थाना क्षेत्र के मुरादपुर बंगरा पंचायत के वार्ड संख्या-10 स्थित बच गांव में मंगलवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक होम्योपैथिक प्रैक्टिशनर की धारदार चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान बच गांव निवासी शंभू सिंह (50), पिता स्व. राम प्रताप सिंह के रूप में हुई है। वह मुरादपुर बंगरा पुराना पंचायत भवन चौक पर होम्योपैथिक दवा की दुकान चलाते थे।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात दुकान बंद कर शंभू सिंह साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बच दुर्गा स्थान से करीब 500 मीटर दक्षिण और उनके घर से लगभग 100 मीटर पहले अज्ञात बदमाशों ने धारदार चाकू से उनका गला रेतकर हत्या कर दी और फरार हो गए। रात में बूंदाबांदी होने के कारण घटना की जानकारी किसी को नहीं मिल सकी।

बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे गड्ढे में शव और साइकिल देखी तो इसकी सूचना बंगरा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

घटना की सूचना पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से एक बड़ा चाकू, मृतक का मोबाइल फोन तथा साइकिल जब्त कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि शंभू सिंह मिलनसार और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे तथा कम शुल्क लेकर लोगों का इलाज करते थे। हालांकि, बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से उनका अपनी पत्नी के साथ संबंध ठीक नहीं था। उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में हत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

*प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत: दमन में ट्रॉली बैग से नवादा की युवती का शव बरामद, पति फरार – Doorbeen News*

प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत: दमन में ट्रॉली बैग से नवादा की युवती का शव बरामद, पति फरार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *