व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। पटोरी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) ने मोहिउद्दीननगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के खिलाफ गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उनके वेतन पर रोक लगाने तथा निलंबित कर विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है। इस संबंध में सिविल सर्जन, समस्तीपुर को पत्र भेजा गया है।
एसडीओ ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि 21 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अनुपस्थित पाए गए। इससे पहले भी कई निरीक्षणों में उनकी अनुपस्थिति दर्ज की गई थी। इस संबंध में पूर्व में स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।


निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में भी कई गंभीर खामियां सामने आईं। वार्डों में बेडशीट गंदी मिलीं और ऐसा प्रतीत हुआ कि उन्हें कई दिनों से नहीं बदला गया था। इमरजेंसी वार्ड सहित कई स्थानों पर छत से पानी टपकने की शिकायत भी मिली। इसके अलावा ओपीडी में निर्धारित एक रुपये के बजाय मरीजों से दो रुपये वसूले जाने का आरोप भी लगाया गया।
एसडीओ ने पत्र में यह भी कहा है कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं, विशेषकर सहयोग शिविरों में भी सक्रिय भागीदारी नहीं कर रहे हैं। स्थानीय लोगों और मरीजों ने निरीक्षण के दौरान आरोप लगाया कि संबंधित चिकित्सक जंदाहा और समस्तीपुर में निजी नर्सिंग होम का संचालन करते हैं और अधिकतर वहीं रहते हैं। यदि यह आरोप सही पाया जाता है, तो यह बिहार सरकार द्वारा सरकारी चिकित्सकों की निजी प्रैक्टिस पर लगाए गए प्रतिबंध और सरकारी सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन होगा।


इन सभी तथ्यों के आधार पर एसडीओ ने स्वास्थ्य विभाग से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निलंबित करने, वेतन अवरुद्ध करने और विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की अनुशंसा की है।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है। जांच और विभागीय कार्रवाई के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

*मुसरीघरारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 1575 लीटर विदेशी शराब बरामद – Doorbeen News*
मुसरीघरारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 1575 लीटर विदेशी शराब बरामद







