नागपंचमी पर सांप-बिच्छू का प्रदर्शन पड़ा भारी तो होगी सख्त कार्रवाई, आधुनिक तकनीक से हर गतिविधि पर रहेगी प्रशासन की नजर

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: सिंघिया: आगामी नागपंचमी एवं मां विषहरी पूजा को लेकर सिंघिया प्रखंड प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पर्व के दौरान वन्यजीव संरक्षण अधिनियम का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से सिंघिया प्रखंड अंतर्गत नीरपुर भरड़िया पंचायत के भगवती स्थान परिसर में ग्रामीणों के साथ एक महत्वपूर्ण जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ विवेक रंजन ने की, जबकि संचालन थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने किया।

बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में प्रशासन की ओर से स्पष्ट रूप से कहा गया कि नागपंचमी पर्व, मां विषहरी पूजा, मेला अथवा जुलूस के दौरान वन्यजीवों एवं सरीसृप प्राणियों, विशेषकर सांप, बिच्छू तथा अन्य संरक्षित जीवों के साथ किसी भी प्रकार का करतब दिखाना, प्रदर्शन करना या खेलना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत ऐसी गतिविधियां दंडनीय अपराध की श्रेणी में आती हैं। पर्व की आस्था और परंपरा का सम्मान करते हुए भी कानून का पालन हर हाल में सुनिश्चित कराया जाएगा।

बैठक के दौरान ग्रामीणों को यह भी जानकारी दी गई कि प्रशासन को ऐसे कुछ व्यक्तियों के संबंध में सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं, जिनके द्वारा हर वर्ष विषहरी पूजा के अवसर पर सांप अथवा अन्य सरीसृपों के साथ करतब दिखाने की आशंका रहती है। ऐसे लोगों की पहचान एवं आसूचना एकत्रित की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति प्रतिबंधित गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से भी अपील की कि यदि किसी को इस प्रकार की गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार नागपंचमी एवं मां विषहरी पूजा के दौरान आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा। मेला, पूजा स्थल एवं जुलूस की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर वीडियो रिकॉर्डिंग, फोटोग्राफी तथा अन्य तकनीकी माध्यमों से साक्ष्य संकलित किए जाएंगे, जिससे नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं कानूनसम्मत वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बीडीओ विवेक रंजन ने कहा नागपंचमी एवं मां विषहरी पूजा श्रद्धा और आस्था का पर्व है। सभी श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ पर्व मनाएं, लेकिन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सांप, बिच्छू अथवा अन्य संरक्षित वन्यजीवों के साथ किसी भी प्रकार का प्रदर्शन या करतब कानूनन प्रतिबंधित है। प्रशासन द्वारा आधुनिक तकनीक के माध्यम से सभी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने कहा पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। जिन व्यक्तियों के द्वारा सांप या अन्य सरीसृपों के साथ प्रदर्शन किए जाने की संभावना है, उनकी सूचना संकलित की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति प्रतिबंधित गतिविधियों में शामिल पाया गया तो उसके विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी ग्रामीणों से अपील है कि अफवाहों से बचें, प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें, ताकि नागपंचमी एवं मां विषहरी पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और कानून के दायरे में संपन्न हो सके।

*समस्तीपुर सदर अस्पताल में एमएलसीयू सेवा का शुभारंभ, गर्भवती महिलाओं को मिलेगी सम्मानजनक एवं गुणवत्तापूर्ण मातृत्व देखभाल – Doorbeen News*

समस्तीपुर सदर अस्पताल में एमएलसीयू सेवा का शुभारंभ, गर्भवती महिलाओं को मिलेगी सम्मानजनक एवं गुणवत्तापूर्ण मातृत्व देखभाल

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *