बीडीओ की सुरक्षा की मांग को लेकर काली पट्टी बांधकर किया कार्य, छह सूत्री मांगों पर सरकार से कार्रवाई की अपील

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर सोमवार से राज्यभर के बीडीओ ने सुरक्षा संबंधी मांगों के समर्थन में काली पट्टी बांधकर नियमित शासकीय कार्य शुरू किया। इसी क्रम में सिंघिया बीडीओ विवेक रंजन ने भी काली पट्टी धारण कर अपने दैनिक सरकारी दायित्वों का निर्वहन किया।यह विरोध 25 जुलाई को छपरा में विधि-व्यवस्था संधारण के दौरान दो बीडीओ के गंभीर रूप से घायल होने की घटना के बाद शुरू किया गया है।

संघ ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए बिहार सरकार के मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपकर अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है।
संघ द्वारा प्रस्तुत छह सूत्री मांगों में प्रत्येक प्रखंड कार्यालय में बॉडी प्रोटेक्टर, लाइट हेलमेट, शील्ड, लेग गार्ड और आर्म गार्ड जैसे आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, प्रत्येक बीडीओ के साथ कम-से-कम दो प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने, सरकारी दायित्वों के दौरान गंभीर रूप से घायल होने पर राज्य सरकार के खर्च पर उच्च स्तरीय अस्पताल में इलाज की व्यवस्था करने तथा संवेदनशील विधि-व्यवस्था संबंधी ड्यूटी से पहले पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।

इसके अलावा संघ ने छपरा की घटना में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग उठाई है।
संघ का कहना है कि बीडीओ ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। संघ का स्पष्ट कहना है कि सुरक्षा के बिना सेवा संभव नहीं और सेवा के बिना विकास संभव नहीं। सिंघिया के बीडीओ विवेक करंजन ने बताया कि बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर पूरे राज्य के बीडीओ काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज करा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विरोध के बावजूद सभी अधिकारी नियमित रूप से सरकारी कार्यों का निष्पादन कर रहे हैं। संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक एवं ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक यह सांकेतिक विरोध जारी रहेगा।

 

*शिवाजीनगर में 13 भूमिहीन परिवारों को मिला वासगीत पर्चा, सीओ ने कहा- हर पात्र परिवार तक पहुंचेगा सरकारी जमीन का अधिकार – Doorbeen News*

शिवाजीनगर में 13 भूमिहीन परिवारों को मिला वासगीत पर्चा, सीओ ने कहा- हर पात्र परिवार तक पहुंचेगा सरकारी जमीन का अधिकार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *