व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
प्रेम प्रसंग में शादी से इनकार करने पर छात्रा की गोली मारकर की थी हत्या, घटना में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल बरामद
समस्तीपुर: जिले के वैनी थाना क्षेत्र में छात्रा की गोली मारकर हत्या करने के मामले का समस्तीपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने ₹25 हजार के इनामी नामजद अभियुक्त बबलू कुमार को तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9 बजे वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया विशनपुर (मंगल स्थान) के समीप स्कूल जा रही छात्रा सुमन कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतका के पिता उमेश ठाकुर के आवेदन पर वैनी थाना कांड संख्या 93/2026 दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (सदर-1) संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
शादी का दबाव बना रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बबलू कुमार, पिता लालबाबू साह, निवासी चंदौली वार्ड संख्या-13, थाना वैनी, ने पूछताछ में बताया कि वह मृतका से प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। हालांकि छात्रा शादी के लिए तैयार नहीं थी। इसी बात से नाराज होकर उसने स्कूल जाते समय छात्रा को गोली मार दी और घटना के बाद फरार हो गया। फरार होने से पहले उसने अपना मोबाइल परिवार के पास छोड़ दिया था।
बाइक, मोबाइल और अन्य साक्ष्य बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से उसका नोकिया कंपनी का मोबाइल बरामद किया है। वहीं आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (BR33BE0203) भी बरामद कर ली गई है। घटनास्थल से चार फायर किए गए खोखे तथा मृतका के शव से दो पिलेट भी बरामद हुए हैं। घटना में प्रयुक्त आग्नेयास्त्र की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
परिजनों ने पुलिस पर जताया भरोसा
समस्तीपुर पुलिस ने कहा कि यह अत्यंत संवेदनशील मामला था। इसके बावजूद मृतका के परिजनों ने पुलिस पर विश्वास बनाए रखा। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले का त्वरित विचारण कराकर आरोपी को जल्द से जल्द सजा दिलाने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
पुलिस ने यह भी घोषणा की है कि आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति तथा एसआईटी और छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को उनके सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।


*राष्ट्रनिर्माण में युवाओं की भागीदारी आवश्यक : बीडीओ विजय कुमार चंद्रा – Doorbeen News*
राष्ट्रनिर्माण में युवाओं की भागीदारी आवश्यक : बीडीओ विजय कुमार चंद्रा










