बिहार में वज्रपात का कहर: आरा में 4 और सीवान में 2 लोगों की मौत, खेतों में काम के दौरान हुए हादसे

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: आरा/सीवान। बिहार में लगातार हो रही बारिश के बीच सोमवार को वज्रपात (ठनका) ने छह लोगों की जान ले ली। सबसे अधिक प्रभावित भोजपुर (आरा) जिला रहा, जहां चार लोगों की मौत हुई, जबकि सीवान जिले में दो लोगों की जान चली गई। अधिकांश हादसे खेतों में काम करने के दौरान हुए।

भोजपुर जिले की बरनांव पंचायत में वार्ड सदस्य भिखारी यादव (51) पर खेत में काम के दौरान ठनका गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीरो में किसान जमींदार सिंह की वज्रपात की चपेट में आने से जान चली गई। गड़हनी में बीए पार्ट-1 की छात्रा नंदनी कुमारी की भी ठनका गिरने से मौत हो गई। चरपोखरी थाना क्षेत्र के खरांटी गांव निवासी गोविंद कुमार (30) की खेत में काम करते समय वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई।

उधर, सीवान जिले के जीरादेई प्रखंड की गंगोली गांव में ठनका गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। दूसरी घटना असांव थाना क्षेत्र के घटैला गांव में हुई, जहां खेत में काम कर रहे एक वृद्ध की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई।

लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

*बिहार कैबिनेट का बड़ा फैसला: सोशल मीडिया पर गाली-गलौज करने वालों पर लगेगा गुंडा एक्ट – Doorbeen News*

बिहार कैबिनेट का बड़ा फैसला: सोशल मीडिया पर गाली-गलौज करने वालों पर लगेगा गुंडा एक्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *