व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनकेंद्रित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा के मार्गदर्शन में जिला स्वास्थ्य समिति ने प्रखंड स्तर पर स्वास्थ्य संस्थानों के प्रशासनिक एवं वित्तीय पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2006 के बाद छह अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (APHC) को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का दर्जा तो मिल गया था, लेकिन उन्हें आवश्यक प्रशासनिक और वित्तीय अधिकार नहीं मिलने से योजनाओं के क्रियान्वयन, वित्तीय प्रबंधन, दवा आपूर्ति और मानव संसाधन संचालन में लगातार कठिनाइयाँ आ रही थीं।


नई व्यवस्था के तहत सीएचसी खानपुर, विद्यापतिनगर, मोहनपुर, बिथान तथा पीएचसी शिवाजीनगर, ताजपुर और पटोरी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को अपने प्रखंड के सभी अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं स्वास्थ्य उपकेंद्रों के लिए आहरण एवं संवितरण पदाधिकारी (DDO) सहित आवश्यक प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार दिए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
जिला प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज होगी, स्वास्थ्य योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होगा, वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता आएगी तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। यह पहल जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



*बिहार में वज्रपात का कहर: आरा में 4 और सीवान में 2 लोगों की मौत, खेतों में काम के दौरान हुए हादसे – Doorbeen News*
बिहार में वज्रपात का कहर: आरा में 4 और सीवान में 2 लोगों की मौत, खेतों में काम के दौरान हुए हादसे





