आगरा कैंट की घटना के विरोध में ECRKU का प्रदर्शन, रेलकर्मियों की सुरक्षा और सम्मान की उठाई मांग

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट (DY.SS) के साथ कथित अमानवीय व्यवहार के विरोध में ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ECRKU), समस्तीपुर मंडल ने सोमवार को विभिन्न शाखाओं में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन ऑल इंडिया रेलवेमेन फेडरेशन (AIRF) के आह्वान पर आयोजित किया गया।

मंडलमंत्री मनोज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित विरोध कार्यक्रम में रेलकर्मियों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता, मारपीट, धमकी या अपमानजनक व्यवहार की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई गई और इसकी कड़ी निंदा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी रेल कर्मचारी के साथ हिंसक या अपमानजनक व्यवहार न केवल उसकी गरिमा पर आघात है, बल्कि इससे कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होता है और सुरक्षित रेल संचालन पर भी असर पड़ सकता है।

मंडलमंत्री मनोज कुमार ने कहा कि रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक कर्मचारी को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने मांग की कि यदि किसी कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार या मारपीट की घटना होती है तो उसकी निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में यह भी मांग उठाई गई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमरजीत कुमार ने कहा कि आगरा कैंट की घटना के विरोध में AIRF देशभर में प्रदर्शन कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है। उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि किसी भी रेलकर्मी के साथ दुर्व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विरोध कार्यक्रम में मंडलमंत्री मनोज कुमार, मंडल अध्यक्ष सुशील कुमार, मानाधार राम, मनीष कुमार, राकेश कुमार रौशन, मुख्यालय शाखा सचिव अजय यादव, आउटडोर शाखा अध्यक्ष अजय शर्मा, शाखा सचिव मंजूर आलम, कारखाना-स्टोर शाखा सचिव अमरजीत कुमार, लोको शाखा सचिव राज कुमार सहित बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि कर्मचारी सम्मान, सुरक्षा और न्याय के मुद्दों पर संगठन हमेशा रेलकर्मियों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक एवं संगठनात्मक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगा।

*नाबार्ड के 45वें स्थापना दिवस पर महिला किसानों के सशक्तिकरण पर जोर, ज्ञान और नवाचार से आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश – Doorbeen News*

नाबार्ड के 45वें स्थापना दिवस पर महिला किसानों के सशक्तिकरण पर जोर, ज्ञान और नवाचार से आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *