रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत: अब SMS से मिलेगी प्लेटफॉर्म और रूट बदलने की जानकारी

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: पटना। पटना जंक्शन, दानापुर मंडल और पूर्व मध्य रेलवे के प्रमुख स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब रेलवे ट्रेन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सीधे यात्रियों के मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से उपलब्ध कराएगा। यदि किसी कारणवश ट्रेन का प्लेटफॉर्म बदलता है, प्लेटफॉर्म रद्द होता है या ट्रेन के रूट में बदलाव किया जाता है, तो इसकी सूचना यात्रियों को पहले ही मोबाइल पर भेज दी जाएगी।

पूछताछ केंद्र की भागदौड़ से मिलेगी राहत

रेलवे की इस नई सुविधा से यात्रियों को बार-बार पूछताछ केंद्र जाने या लाउडस्पीकर पर होने वाली घोषणाओं पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। प्लेटफॉर्म बदलने की स्थिति में भारी सामान लेकर इधर-उधर भागने की परेशानी भी काफी हद तक कम होगी।

45 मिनट पहले मिलेगा प्लेटफॉर्म बदलने का अलर्ट

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यदि ट्रेन का प्लेटफॉर्म बदला जाता है तो यात्रियों को करीब 45 मिनट से एक घंटे पहले एसएमएस भेजा जाएगा। वहीं, ट्रेन के रूट में बदलाव होने पर तीन से चार घंटे पहले मोबाइल पर सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

बल्क SMS के जरिए पहुंचेगी सूचना

रेलवे सभी यात्रियों को एक साथ बल्क एसएमएस भेजेगा। उदाहरण के तौर पर यदि किसी ट्रेन का प्रस्थान पटना जंक्शन की बजाय पाटलिपुत्र जंक्शन से कराया जाता है, तो इसकी पूरी जानकारी यात्रियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेज दी जाएगी।

 

NTES ऐप भी हुआ और अधिक स्मार्ट

रेलवे ने नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) ऐप को भी अपग्रेड किया है। इस ऐप के माध्यम से यात्री ट्रेन की लाइव लोकेशन, आगमन और प्रस्थान का समय, देरी की स्थिति तथा रूट की जानकारी रियल टाइम में देख सकेंगे। ऐप में अलर्ट सुविधा सक्रिय करने पर सभी महत्वपूर्ण अपडेट तुरंत मोबाइल पर मिलेंगे।

रेलवे का दावा- यात्रा होगी अधिक आसान

दानापुर मंडल के वरिष्ठ डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे लगातार डिजिटल तकनीकों का विस्तार कर रहा है। उनका कहना है कि नई व्यवस्था से प्लेटफॉर्म बदलाव, ट्रेन की देरी और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर उपलब्ध होंगी, जिससे यात्रियों की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम बनेगी।

*पर्चा दाखिल करने के बाद पुलिस ने लिया हिरासत में, गिरफ्तारी की वजह स्पष्ट नहीं; तेज प्रताप यादव ने लगाए साजिश के आरोप – Doorbeen News*

पर्चा दाखिल करने के बाद पुलिस ने लिया हिरासत में, गिरफ्तारी की वजह स्पष्ट नहीं; तेज प्रताप यादव ने लगाए साजिश के आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *