सरकारी जमीन पर पुस्तैनी बसे दलितों-गरीबों पर सम्राट सरकार का बुलडोजर चलने नहीं देंगे-धीरेंद्र झा

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: भाकपा माले प्रखंड कमिटी की बैठक सोमवार को ताजपुर प्रखंड के हरिशंकर बघौनी निवासी मुकेश कुमार गुप्ता के आवास पर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता एवं पार्टी के पोलिट ब्यूरो सदस्य सह मिथिलांचल प्रभारी धीरेंद्र झा के आतिथ्य में संपन्न हुई।
बैठक में खेग्रामस के सदस्यता अभियान की समीक्षा करते हुए संगठन से छह हजार दलित-गरीब मजदूरों को जोड़ने तथा पंचायत स्तर तक संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने का निर्णय लिया गया।

नेताओं ने कहा कि भूमिहीनों को वासभूमि, सरकारी जमीन पर बसे परिवारों को पर्चा, आवास एवं पहुंचपथ उपलब्ध कराने, बंद वृद्धावस्था, विधवा एवं विकलांग पेंशन तथा रद्द राशनकार्डों को पुनर्बहाल करने की मांग को लेकर निर्णायक आंदोलन चलाया जाएगा।
बतौर मुख्य अतिथि बैठक को संबोधित करते हुए धीरेंद्र झा ने कहा कि केंद्र और राज्य की नीतियों का लाभ आम जनता की बजाय बड़े कॉरपोरेट घरानों को पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अडानी-अंबानी जैसे बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने की नीतियों के कारण गरीब, किसान, मजदूर और छोटे व्यवसायी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की संपत्तियों और संसाधनों को निजी हाथों में सौंपने की प्रक्रिया पर रोक लगनी चाहिए तथा जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक जनसंघर्ष की आवश्यकता है।

धीरेंद्र झा ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में हुई चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस मंदिर को करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र बताया गया, वहां सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने वाली घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

बैठक में योगियामठ, बहेलिया टोला सहित विभिन्न गांवों की जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग भी उठाई गई। निर्णय लिया गया कि इन मांगों को लेकर आंदोलन की पहली कड़ी के रूप में 25 जुलाई को जुलूस निकालकर ताजपुर अंचल एवं प्रखंड कार्यालय का घेराव किया जाएगा। साथ ही नगर परिषद एवं प्रखंड क्षेत्र की दलित-गरीब बस्तियों में व्यापक सदस्यता अभियान चलाकर लोगों को संगठित किया जाएगा।

माले प्रखंड कमिटी सदस्य ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, प्रभात रंजन गुप्ता, राजदेव प्रसाद सिंह, शंकर महतो, मो. शाद तौहीदी, मो. क्यूम, मुकेश कुमार गुप्ता, मनोज कुमार सिंह, मुंशीलाल राय, संजीव राय, मनोज साह, मो. अबुबकर, अजीत कुमार सिंह एवं बस्साम तौहीदी सहित अन्य नेताओं ने बैठक में अपने-अपने विचार व्यक्त किए‌।

*कल्याणपुर के BDO को भावभीनी विदाई, एसडीओ दिलीप कुमार ने किया सम्मानित – Doorbeen News*

कल्याणपुर के BDO को भावभीनी विदाई, एसडीओ दिलीप कुमार ने किया सम्मानित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *