29 दिन बाद 12 फीट गहरे गड्ढे से मिला नौवीं के छात्र ईशांत का शव, समस्तीपुर में सनसनी

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: विद्यापतिनगर (समस्तीपुर)। समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र से लापता नौवीं कक्षा के छात्र ईशांत कुमार उर्फ छोटू का शव 29 दिन बाद 12 फीट गहरे गड्ढे से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आत्मसमर्पण कर चुके आरोपी की निशानदेही पर लखनपुर गांव स्थित कलना चौर में जेसीबी से खुदाई कर शव बरामद किया। हत्या के बाद शव को प्लास्टिक में लपेटकर गहरे गड्ढे में दफना दिया गया था।

ईशांत कुमार, बंगराहा पंचायत निवासी किसान रामप्रीत राय का 14 वर्षीय पुत्र था और उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बंगराहा में नौवीं कक्षा का छात्र था। वह 10 जून की शाम दोस्तों के बुलावे पर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। 19 जून को पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह स्वयं घटनास्थल पहुंचे थे और जल्द खुलासा करने का भरोसा दिया था। जांच के दौरान खोजी कुत्तों और वैज्ञानिक तकनीकों की भी मदद ली गई।

जांच के क्रम में आत्मसमर्पण कर चुके आरोपी आनंदी सिंह को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर बुधवार देर रात वरीय पुलिस उपाधीक्षक विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम कलना चौर पहुंची। जेसीबी मशीन से लगभग 12 फीट गहरे गड्ढे की खुदाई के बाद प्लास्टिक में लिपटा शव बरामद किया गया।

शव मिलने के बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को गहरे गड्ढे में दफनाया गया था।

शव मिलने की सूचना मिलते ही ईशांत के घर में मातम छा गया। पिता रामप्रीत राय, मां अभिलाषा देवी, बड़े भाई प्रशांत राय और बहन किरण कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी साजिश, इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका और हत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वरीय पुलिस उपाधीक्षक विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि रिमांड पर लिए गए आरोपी ने कड़ाई से हुई पूछताछ के क्रम में उसने बताया कि घटना के चंद घंटों बाद ही मैं, नंद कुमार सिंह, उसका भतीजा रंजीत सिंह सहित अन्य ने मिल कर उक्त छात्र की हत्या कर शव को दफना दिया। श्री शर्मा ने बताया कि शव पर गले में कटे का निशान है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या कैसे हुई उसका खुलासा हो पायेगा।

*समस्तीपुर में स्वतंत्रता सेनानी बाबू सत्यनारायण सिंह की जयंती मनाई गई, नेताओं व अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि – Doorbeen News*

समस्तीपुर में स्वतंत्रता सेनानी बाबू सत्यनारायण सिंह की जयंती मनाई गई, नेताओं व अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *