सहयोग शिविर :समस्तीपुर और उजियारपुर की पंचायतों में पहुंचे अधिकारी, कई प्रमाण-पत्र भी किए वितरित

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से  जिले की विभिन्न पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में लोगों ने जमीन, प्रमाण-पत्र, पेंशन, आवास, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन दिए। अधिकारियों ने मौके पर ही कई मामलों का निष्पादन किया, जबकि शेष आवेदनों को तय समय सीमा में निपटाने का आश्वासन दिया गया।

समस्तीपुर प्रखंड के कर्पूरीग्राम और विक्रम बांदे पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में समस्तीपुर विधायक अश्वमेघ देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुप्रभात कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। बीडीओ ने बताया कि दोनों पंचायतों में विभिन्न विभागों से संबंधित करीब 100 आवेदन प्राप्त हुए हैं। कई मामलों का तत्काल समाधान किया गया, जबकि अन्य आवेदनों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

उधर, जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने उजियारपुर प्रखंड के बेलारी और मालती पंचायत में आयोजित सहयोग शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया, ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर, बिना अनावश्यक भागदौड़ के उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निपटारा किया जाए।

बेलारी पंचायत में जिलाधिकारी ने सात प्रमाण-पत्र वितरित किए। इनमें चार जन्म प्रमाण-पत्र, दो मृत्यु प्रमाण-पत्र और एक आवासीय प्रमाण-पत्र शामिल हैं। वहीं मालती पंचायत में तीन जन्म प्रमाण-पत्र और एक मृत्यु प्रमाण-पत्र लाभुकों को सौंपा गया।

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सहयोग शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे आवेदन करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी प्रशासन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

मुख्य बातें

  • जिले की कई पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित।
  • समस्तीपुर प्रखंड में करीब 100 आवेदन प्राप्त।
  • डीएम और एसपी ने बेलारी व मालती पंचायत का किया निरीक्षण।
  • मौके पर जन्म, मृत्यु और आवासीय प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
  • अधिकारियों को सभी आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए गए।

*मध्य विद्यालय बेलापुर सूची में प्रथम त्रैमासिक मूल्यांकन परीक्षा शुरू, ‘पढ़ान पर्व’ का भी हुआ समापन – Doorbeen News*

मध्य विद्यालय बेलापुर सूची में प्रथम त्रैमासिक मूल्यांकन परीक्षा शुरू, ‘पढ़ान पर्व’ का भी हुआ समापन

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *