संदिग्ध हालात में ताड़ी दुकान में मिला लकवाग्रस्त व्यक्ति का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत हथौड़ी थाना क्षेत्र की बंधार पंचायत के परशुराम गांव में सोमवार की सुबह एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान परशुराम गांव वार्ड 16 निवासी स्व राम नारायण दास के पुत्र मनोज कुमार दास के रूप में हुई है। उनका शव परशुराम बल्लीपुर सड़क किनारे एक ताड़ी दुकान में मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

स्थानीय लोगों के अनुसार मनोज कुमार दास लंबे समय से लकवा से पीड़ित थे और शारीरिक रूप से काफी कमजोर हो चुके थे। बताया जाता है कि वे पिछले करीब एक वर्ष से गांव में रह रहे थे। इससे पहले वह अपने परिवार के साथ प्रदेश में रहते थे, लेकिन जमीन संबंधी विवाद के कारण गांव लौट आए थे। उनकी पत्नी मुन्नी देवी, एक पुत्र एवं एक पुत्री आज भी प्रदेश में ही रह रहे हैं। गांव में उनके साथ कोई परिजन नहीं था, जिसके कारण वे ताड़ी दुकानदार के यहां रहकर अपना जीवन-यापन कर रहे थे।

ग्रामीणों ने बताया कि रविवार रात मनोज कुमार दास ताड़ी दुकानदार के घर पर ही सोए थे। रात में उन्हें भोजन दिया गया, लेकिन उन्होंने भोजन नहीं किया और सो गए। सोमवार सुबह जब घर के लोग जागे तो उन्हें अचेत अवस्था में पाया। काफी प्रयास के बाद भी जब कोई हरकत नहीं हुई तो उनकी मौत की पुष्टि हुई। घटना के बाद परिजनों के अभाव में स्थानीय लोगों ने ताड़ी दुकान से शव को ठेला पर रखकर उनके घर पहुंचाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही हथौड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई सुरेश शाह, मुकेश सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक पूछताछ के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि मृतक जमीन विवाद को लेकर मानसिक रूप से भी परेशान रहता था। वहीं उसकी मौत जिस परिस्थिति में हुई है, उसे लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

थानाध्यक्ष मौसम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अब तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

 

*किसानी को घाटे सौदा बना रही सरकार, किसानों को मिले कर्ज माफी व मुफ्त कृषि सुविधाएं- किसान महासभा – Doorbeen News*

किसानी को घाटे सौदा बना रही सरकार, किसानों को मिले कर्ज माफी व मुफ्त कृषि सुविधाएं- किसान महासभा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *