समस्तीपुर रेलवे ओवरब्रिज अब सोमवार से होगा पूरी तरह बंद, 15 अगस्त तक चलेगा मरम्मत कार्य

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले 56 वर्ष पुराने रेलवे ओवरब्रिज को अब रविवार की बजाय सोमवार से पूरी तरह बंद किया जाएगा। प्रशासन ने पहले रविवार से पुल पर आवाजाही रोकने का निर्णय लिया था, लेकिन कुछ प्रशासनिक तैयारियां शेष रहने के कारण इसे एक दिन आगे बढ़ा दिया गया है। सोमवार सुबह से पुल पर वाहनों के साथ-साथ पैदल यात्रियों की आवाजाही भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

सदर एसडीओ दिलीप कुमार ने बताया कि ताजपुर रोड पर अतिक्रमण हटाने और सड़क चौड़ीकरण का कुछ कार्य अभी बाकी है, जिसे रविवार तक पूरा कर लिया जाएगा। इसी दिन ओवरब्रिज पर ब्लॉक का ट्रायल भी लिया जा सकता है।

वहीं, जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज मरम्मत के लिए निर्माण एजेंसी को हैंडओवर कर दिया गया है। पुल पर एक्सटेंशन ज्वाइंट बदलने सहित अन्य आवश्यक मरम्मत कार्य किए जाएंगे। एजेंसी को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है, ताकि 15 अगस्त तक पुल को दोबारा आम लोगों के लिए खोला जा सके।

प्रशासन के अनुसार पुल के एक्सटेंशन ज्वाइंट काफी जर्जर हो चुके हैं, जिससे इसकी सुरक्षा प्रभावित हो रही थी। विशेषज्ञों की सलाह पर ही पुल को पूरी तरह बंद कर व्यापक मरम्मत कराने का फैसला लिया गया है। निर्माण एजेंसी को 24 घंटे तीन शिफ्टों में लगातार काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

ओवरब्रिज बंद रहने के दौरान शहर में पहले से तय वैकल्पिक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। प्रमुख चौक-चौराहों और रेलवे गुमटियों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और जाम की समस्या न हो।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि सोमवार से लागू रूट डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक रूप से ओवरब्रिज की ओर न जाएं और यातायात पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें।

*विद्यालय की मौलिक सुविधाओं पर अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी, बच्चों की नियमित पढ़ाई, पोषण और ड्रॉपआउट रोकने पर दिया गया जोर – Doorbeen News*

विद्यालय की मौलिक सुविधाओं पर अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी, बच्चों की नियमित पढ़ाई, पोषण और ड्रॉपआउट रोकने पर दिया गया जोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *