व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करे
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। तीन दिनों से साहित्य, संस्कृति और ज्ञान की अलख जगा रहा समस्तीपुर पुस्तक मेला शनिवार को गरिमामय समापन के साथ विदा लेगा। जननायक कर्पूरी ठाकुर सभागार (बारह पत्थर) में शाम 4:30 बजे अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं के सम्मान समारोह के साथ मेले का समापन होगा।
नगर निगम समस्तीपुर के सहयोग से समय इंडिया (ट्रस्ट), नई दिल्ली तथा पुस्तक मेला समिति, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में पिछले दो दिनों के दौरान हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, साहित्यकारों और पुस्तक प्रेमियों ने पहुंचकर अपनी पसंद की पुस्तकों की खरीदारी की।


मेले में धार्मिक, ऐतिहासिक, साहित्यिक, प्रतियोगी परीक्षाओं, बाल साहित्य और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी पुस्तकों की खूब बिक्री हुई। रामचरितमानस, वाल्मीकि रामायण, भारतीय संविधान, भारतीय संसद, क्रांतिकारी आंदोलन: एक दस्तावेज, शिवाजी सावंत का मृत्युंजय, धर्मवीर भारती का गुनाहों का देवता तथा रेणु, शरतचंद्र और गोर्की की रचनाएं पाठकों की पहली पसंद रहीं।
समापन समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण अंतरराष्ट्रीय कवयित्री अंकिता सिन्हा का काव्य पाठ होगा। उनके साथ डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ‘त्यागी’, परवीन कुमार चुन्नू, कुमार अमरेश, मोहम्मद जावेद, ज्योति कुमारी, स्मृति झा, हरिश्नारायण सिंह ‘हरि’, कविश जमाली, अनिरुद्ध ‘दिवाकर’, डॉ. राम सूरत प्रियदर्शी सहित स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के कई कवि कविता, गीत, ग़ज़ल, मुक्तक और व्यंग्य की प्रस्तुतियां देंगे।


मेले के दौरान आयोजित चित्रकला, कविता पाठ, कहानी, गायन और नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी समापन समारोह में प्रमाण-पत्र, पुस्तकें और आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
समय इंडिया (ट्रस्ट) के प्रबंध न्यासी चंद्र भूषण ने बताया कि समस्तीपुर झारखंड-बिहार पुस्तक मेला परिक्रमा का 14वां और अंतिम पड़ाव है। इसके बाद 7 अगस्त से मध्य प्रदेश के ग्वालियर में राष्ट्रीय पुस्तक मेला परिक्रमा की शुरुआत होगी। उन्होंने साहित्य प्रेमियों से बड़ी संख्या में समापन समारोह में शामिल होने की अपील की। पुस्तक मेला शनिवार को सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।


*महाराजी पोखर में भैंस धोने के दौरान युवक की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम – Doorbeen News*
महाराजी पोखर में भैंस धोने के दौरान युवक की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम





