नशा मुक्त भारत अभियान को मिला जनसमर्थन, समस्तीपुर में 550 प्रतिभागियों ने लिया जागरूकता कार्यक्रम में हिस्सा

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर, 25 जून। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत समस्तीपुर में जिला प्रशासन और सामाजिक सुरक्षा कोषांग के संयुक्त तत्वावधान में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 17 जून से 26 जून तक चल रहे सप्ताहव्यापी अभियान के अंतर्गत गुरुवार को समाहरणालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत समाहरणालय परिसर से जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा द्वारा जन-जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ हुई। यह प्रचार वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को नशा छोड़ने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।

इसके बाद समाहरणालय सभाकक्ष में दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर हस्ताक्षर अभियान, सेल्फी प्वाइंट, रंगोली प्रतियोगिता और सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जिला खेल कार्यालय, जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, मुस्कान नशा मुक्ति केंद्र तथा एनसीसी कैडेट्स विंग के लगभग 550 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। अभियान के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति एवं पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं को विशेष रूप से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक यह संदेश पहुंचाना है कि स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली ही बेहतर भविष्य की आधारशिला है।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा), सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, अधीक्षक मद्य निषेध, जिला खेल पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण सहित कई विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और समाज में जागरूकता फैलाकर नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

*सतर्क लोको पायलटों ने बचाईं कई जिंदगियां, समस्तीपुर मंडल के रेलकर्मी बने मानवता की मिसाल – Doorbeen News*

सतर्क लोको पायलटों ने बचाईं कई जिंदगियां, समस्तीपुर मंडल के रेलकर्मी बने मानवता की मिसाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *