व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
दूरबीन न्यूज़ डेस्क। समस्तीपुर जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। हाल के दिनों में मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल और दिल्ली के एक होटल व लखनऊ के कोचिंग में हुई आगजनी की घटनाओं के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में समस्तीपुर के विभिन्न अस्पतालों और कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी मानकों की जांच की गई।
अग्निशमन विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान फायर एक्सटिंग्विशर, फायर अलार्म सिस्टम, इमरजेंसी एग्जिट, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की बारीकी से जांच की। साथ ही यह भी परखा गया कि किसी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है या नहीं।


निरीक्षण के दौरान संस्थानों के संचालकों को अग्नि सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने फायर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) प्राप्त करने की प्रक्रिया और उससे जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देशों से भी अवगत कराया। जिन संस्थानों के पास अब तक फायर एनओसी उपलब्ध नहीं है, उन्हें जल्द से जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया।


अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अस्पताल, होटल, कोचिंग संस्थान और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है। छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में फायर सेफ्टी ऑडिट और नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।


विभाग का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा संभावित अग्निकांड की घटनाओं को रोकने के लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाना है।
दूरबीन न्यूज़ डेस्क
सुरक्षा में लापरवाही नहीं, सतर्कता ही बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।

*समस्तीपुर के 24 अवतार धाम पहुंचे मुख्यमंत्री, प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विष्णु महायज्ञ में हुए शामिल – Doorbeen News*





