10 सूत्री मांगों को लेकर खेत मजदूरों का समाहरणालय पर प्रदर्शन, एडीएम को सौंपा ज्ञापन

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के आह्वान पर बिहार राज्य खेत मजदूर यूनियन की जिला इकाई द्वारा सोमवार को विभिन्न मांगों को लेकर समाहरणालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। यूनियन के बैनर तले जिले के विभिन्न अंचलों से सैकड़ों खेत मजदूर झंडा-बैनर के साथ जिला कार्यालय बंगाली टोला से जुलूस की शक्ल में शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए समाहरणालय पहुंचे और अपनी 10 सूत्री मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रामकुमार चौधरी ने की। सभा को संबोधित करते हुए जिला महासचिव डॉ. अनिल प्रसाद ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में भूमिहीन और वासविहीन परिवार आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने प्रत्येक वासविहीन परिवार को 10 डिसमिल आवासीय भूमि उपलब्ध कराने, वृद्धावस्था पेंशन से वंचित लोगों को योजना का लाभ देने, गिरती कानून-व्यवस्था में सुधार करने तथा मनरेगा को प्रभावी रूप से पुनर्बहाल करने की मांग प्रमुखता से उठाई।

सभा को एटक जिला अध्यक्ष सुधीर कुमार देव, यूनियन नेता मो. मुन्ना, डॉ. रामकुमार, रोसड़ा के मजदूर नेता अनिल महतो, मो. शाहिद अंसारी, बच्चा बाबू सिंह, पिंटू महतो, रुमल यादव, रामलखन सहनी, पूर्व जिला पार्षद रामप्रीत पासवान, भाकपा जिला सचिव सुरेंद्र कुमार सिंह ‘मुन्ना’, प्रयागचंद मुखिया तथा बिहार राज्य किसान सभा के महासचिव रामचंद्र महतो समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।

वक्ताओं ने कहा कि खेत मजदूरों, गरीबों और वंचित वर्गों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सभा के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि बिहार के विभिन्न जन संगठनों द्वारा 15 जुलाई को बिहार विधानसभा के समक्ष आयोजित विशाल प्रदर्शन में समस्तीपुर जिले से करीब 2000 लोग भाग लेंगे।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. अनिल प्रसाद के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों के समर्थन में एक ज्ञापन अपर समाहर्ता को सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

*सिंघिया में सांप के डसने से वृद्ध महिला की मौत: भूसकार से भूसा निकालने के दौरान हुआ हादसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम – Doorbeen News*

सिंघिया में सांप के डसने से वृद्ध महिला की मौत: भूसकार से भूसा निकालने के दौरान हुआ हादसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *