व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। समस्तीपुर मुफस्सिल थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की स्कॉर्पियो के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी की गाड़ी पर विभूतिपुर विधायक अजय कुमार की स्कॉर्पियो का नंबर प्लेट लगाया गया था। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना मिली कि शहर के मोहनपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप कुछ लोग एक स्कॉर्पियो का नंबर प्लेट बदल रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन के साथ दो युवकों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र के मोरा बुजुर्ग निवासी राजीव कुमार तथा सरायरंजन थाना क्षेत्र के गांवपुर निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों वाहन से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद उन्हें थाना लाया गया।
जांच में खुला बड़ा राज
थाने में जब स्कॉर्पियो पर लगे नंबर प्लेट की जांच की गई तो पता चला कि वह नंबर BR-01PM-**** विभूतिपुर विधायक अजय कुमार की एस-11 स्कॉर्पियो के नाम पर पंजीकृत है। इसके बाद पुलिस को शक हुआ और वाहन के चेसिस नंबर की जांच कराई गई।
चेसिस नंबर के सत्यापन में खुलासा हुआ कि स्कॉर्पियो का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर BR-03AJ-**** है और यह भोजपुर (आरा) जिले की गाड़ी है। जांच में यह भी सामने आया कि उक्त एस-5 स्कॉर्पियो कुछ महीने पहले आरा से चोरी हुई थी, जिसकी प्राथमिकी संबंधित थाने में दर्ज है।


विधायक को दी गई सूचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विधायक अजय कुमार को सूचना दी। वहीं वाहन के वास्तविक मालिक से संपर्क करने पर स्कॉर्पियो चोरी होने की पुष्टि हुई।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। चोरी की स्कॉर्पियो बरामद कर ली गई है तथा गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी के वाहन का इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया जा रहा था और इस गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के वाहनों के नेटवर्क से जुड़े एक बड़े गिरोह के खुलासे की संभावना भी जताई जा रही है।


*NEET-UG 2026: फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश, समस्तीपुर में तैयारियों की समीक्षा, परीक्षा 21 – Doorbeen News*







