समस्तीपुर में आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही 631 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। मद्यनिषेध विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ताजपुर-बख्तियारपुर न्यू हाईवे पर अवैध विदेशी शराब से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। इस दौरान वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मामले में वाहन स्वामी के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मद्यनिषेध थाना पटोरी की टीम ने गुरुवार अहले सुबह चकअरमन गांव (चांदपटोरी क्षेत्र) के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका गया, जिसमें तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने पिकअप चालक राहुल सिंह, पिता राजू सिंह, निवासी मुल्लीपुरा, जिला जयपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया।

आलू की बोरियों के नीचे छिपाई गई थी शराब

तस्करों ने शराब की खेप को छिपाने के लिए पिकअप पर लदी 35 आलू की बोरियों का सहारा लिया था। तलाशी के दौरान बोरियों के नीचे से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।

बरामद शराब की कुल मात्रा 631.080 लीटर बताई गई है। शराब इम्पीरियल ब्लू और रॉयल स्टैग ब्रांड की है, जो 180 एमएल, 375 एमएल और 750 एमएल की बोतलों में पैक थी।

पटना से मिली थी खेप

प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने बताया कि उसे यह पिकअप वाहन पटना के मीठापुर बस स्टैंड क्षेत्र से प्राप्त हुआ था और वह शराब की खेप लेकर आगे जा रहा था।

जांच में यह भी सामने आया है कि राहुल सिंह को इससे पहले जनवरी 2025 में बंगरा थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है

मद्यनिषेध थाना पटोरी की कार्रवाई

छापेमारी अभियान का नेतृत्व निरीक्षक मद्यनिषेध सह थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने किया। मद्यनिषेध विभाग ने वाहन को जब्त कर लिया है तथा वाहन स्वामी के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि शराब की खेप के स्रोत और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है। अनुसंधान के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

*विद्युत ऊर्जा चोरी के विरुद्ध विशेष छापेमारी में बड़ी कार्रवाई, ₹42.86 लाख की राजस्व क्षति का मामला उजागर – Doorbeen News*

विद्युत ऊर्जा चोरी के विरुद्ध विशेष छापेमारी में बड़ी कार्रवाई, ₹42.86 लाख की राजस्व क्षति का मामला उजागर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *