व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर स्थित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) की मरम्मत के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) दिलीप कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परिवहन अभिकर्ताओं, खाद्यान्न व्यवसायी संघ के प्रतिनिधियों, एलपीजी वितरकों, पेट्रोल पंप संचालकों तथा अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य ओवरब्रिज पर भारी वाहनों के आवागमन पर लगी रोक के बीच खाद्यान्न, एलपीजी, पेट्रोल-डीजल समेत अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावित होने से बचाना था।


बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ दिलीप कुमार ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज 50 वर्ष से अधिक पुराना हो चुका है और उसकी संरचनात्मक स्थिति को देखते हुए भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है। ऐसे में वैकल्पिक मार्गों के माध्यम से आवश्यक वस्तुओं की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी परिवहन एजेंसियों, खाद्यान्न व्यवसायियों, गैस वितरकों और पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता हर हाल में बनाए रखी जाए।


बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए वैकल्पिक मार्गों से आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रखने की प्रतिबद्धता जताई।
अनुमंडल प्रशासन ने आमजन को आश्वस्त किया कि खाद्यान्न, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल समेत अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी परिस्थिति में जनसुविधा प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।


*समस्तीपुर जंक्शन पर डेढ़ वर्षीय बच्चे के गले से सोने की चेन काटकर भाग रहा युवक गिरफ्तार – Doorbeen News*
समस्तीपुर जंक्शन पर डेढ़ वर्षीय बच्चे के गले से सोने की चेन काटकर भाग रहा युवक गिरफ्तार





