व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Patna News: पटना/समस्तीपुर। राजधानी पटना में NEET की तैयारी कर रही समस्तीपुर की एक छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मंगलवार को उसका शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद हॉस्टल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान समस्तीपुर निवासी श्रुति कुमारी (17 वर्ष) के रूप में हुई है। वह वर्ष 2024 से पटना के राधे कृष्णा हॉस्टल में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रही थी।
हॉस्टल संचालिका आभा सिंह ने बताया कि सोमवार रात श्रुति ने सामान्य रूप से भोजन किया था और अपने कमरे में चली गई थी। मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर संदेह हुआ। इसके बाद जब कमरे की जांच की गई तो उसका शव फंदे से लटका मिला।






प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घटना से पहले श्रुति ने अपने एक दोस्त से फोन पर बातचीत की थी। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान वह काफी भावुक थी और अपनी परेशानियों का जिक्र कर रही थी। उसके दोस्त ने उसे समझाते हुए कोई गलत कदम नहीं उठाने और जरूरत पड़ने पर अपने माता-पिता के पास जाने की सलाह दी थी।
हॉस्टल संचालिका के अनुसार, बातचीत के दौरान श्रुति ने यह भी कहा था कि उसके माता-पिता उससे बात नहीं करते हैं। हालांकि इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। साथ ही परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि जांच और परिजनों के बयान के बाद ही घटना के वास्तविक कारण सामने आ सकेंगे।
*कोचिंग जा रही 10वीं की छात्रा को बालू लदे ट्रक ने रौंदा, मौत के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा; सड़क जाम – Doorbeen News*





