गरमा फसल के लिए बीज वितरण शुरू: समस्तीपुर में 50–80% अनुदान पर मिलेगा उड़द, मूंग, मक्का व तिल

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

समस्तीपुर : जिले में गरमा फसल की तैयारी को लेकर कृषि विभाग ने बीज वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक किसानों को अब ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से अनुदानित दर पर बीज उपलब्ध कराया जाएगा। जिला कृषि पदाधिकारी सुमित सौरभ ने बताया कि इस बार किसानों को उड़द, मक्का, तिल और मूंग के साथ-साथ पहली बार अंडी (रेंड़ी) का बीज भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

कृषि विभाग की इस पहल से जिले के किसानों को आधुनिक और पारदर्शी व्यवस्था के तहत लाभ मिलने की उम्मीद है, जिससे गरमा फसल उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस बार जिले में उड़द का 175 क्विंटल, मक्का का 748 क्विंटल, तिल का 34 क्विंटल और मूंग का 236 क्विंटल बीज उपलब्ध कराया गया है। इन बीजों को अनुदानित दर पर किसानों को दिया जाएगा, जिससे कम लागत में खेती संभव हो सके।

 

:पहली बार अंडी बीज का वितरण: इस बार जिले के किसानों के लिए एक नई पहल भी की गई है। पहली बार अंडी (रेंड़ी) का बीज भी उपलब्ध कराया गया है। हालांकि इसकी मात्रा सीमित रखते हुए 10 क्विंटल ही मंगाया गया है, जिसे चयनित किसानों के बीच वितरित किया जाएगा।

: ऑनलाइन आवेदन से मिलेगा बीज:  कृषि विभाग ने इस बार पूरी प्रक्रिया को डिजिटल कर दिया है। किसान विभाग के पोर्टल पर जाकर आवेदन करेंगे, जिसके बाद संबंधित कृषि समन्वयक और अनुमंडल कृषि पदाधिकारी द्वारा सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के बाद किसानों के मोबाइल पर ओटीपी भेजा जाएगा, जिससे वे अधिकृत दुकानों से बीज प्राप्त कर सकेंगे।

: बायोमेट्रिक से होगा वितरण: बीज वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम लागू किया गया है। किसान ओटीपी के साथ निर्धारित दुकान पर जाकर अपनी पहचान बायोमेट्रिक माध्यम से सत्यापित करेंगे, जिसके बाद उन्हें बीज उपलब्ध कराया जाएगा। इससे फर्जीवाड़ा रोकने और सही लाभार्थियों तक योजना पहुंचाने में मदद मिलेगी।

:अनुदान का मिलेगा बड़ा लाभ: जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि किसानों को इन बीजों पर 50% से 80% तक अनुदान दिया जाएगा। इससे कम लागत में बेहतर उत्पादन संभव होगा और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। बीज का वितरण जिले के सभी 20 प्रखंडों में होगा। कृषि विभाग ने इसके लिए संबंधित अधिकारियों और समन्वयकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि वितरण प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।

*भव्य समारोह में समस्तीपुर के कायस्थ सिरमौर बने एके लाल – Doorbeen News*

भव्य समारोह में समस्तीपुर के कायस्थ सिरमौर बने एके लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *